Ghazipur: नगर पंचायत जंगीपुर की नेक पहल, घर-घर के बचे भोजन से भरेगा बेसहारा गोवंशों का पेट
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नगर पंचायत जंगीपुर ने एक नेक पहल की है। घर-घर में प्रतिदिन लोगों के खाने के बाद बच रहा भोजन अब कूड़ेदान व नाली में नहीं बहाया जाएगा। इसे एकत्र कर बेसहारा गोवंशों को खिलाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। बचा भोजन एकत्र करने के लिए फिलहाल एक वाहन लगाया गया है। अगर यह योजना सफल रही तो आगे और भी वाहन लगाए जाएंगे।
जंगीपुर नगर पंचायत में कुल 11 वार्ड हैं। इसमें लगभग 15 सौ परिवार निवास करते हैं। इसमें से 10 फीसद लोगों के पास खुद के पशु हैं, जो उनका बचा हुआ भोजन खाते हैं, लेकिन 90 फीसद परिवारों में अगर भोजन या सब्जी आदि का अवशेष बच जाता है तो उसे वे कूड़ेदान में डाल देते हैं। कुछ लोग उसे सड़क या नाली में फेंक देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है। यही नहीं खाद्य सामग्री बर्बाद होती है। बचे हुए भोजन की बर्बादी देख मन में आया आइडिया
इसकी पहल करने वाले नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि लालजी गुप्ता बताते हैं कि लोगों के घरों में प्रति दिन बच रहे भोजन की बर्बादी देख इसका ख्याल मन में आया। सोचा क्यों न इस भोजन व बचे हुए सब्जियों के अवशेष का उपयोग किया जाए। इससे गंदगी भी नहीं फैलेगी और नगर पंचायत के गो-आश्रय केंद्र पर रहने वाले बेसहारा गोवंशों को भोजन भी मिल जाएगा। अभी इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है। एक वाहन व एक कर्मचारी इसमें लगाया गया है। इसके बाद आगे और भी कई वाहन लगाए जाएंगे। घर-घर बांटी गई बाल्टी
इस योजना के तहत नगर पंचायत की ओर से हर घर में डस्टबिन के अलावा एक-एक बाल्टी दी गई है। लोग अपने घर का बचा भोजन और सब्जी आदि के अवशेष इस बाल्टी में एकत्र करेंगे। इसके बाद संबंधित कर्मचारी वाहन के साथ घर-घर पहुंचेगा और उस बाल्टी से भोजन वाहन में एकत्र करेगा। फिर उसे गो-आश्रय केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है कि वह अपने घर से गोवंशों के लिए एक-एक रोटी भी दे सकते हैं।
