Today Breaking News

Ghazipur: शार्ट-सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान राख

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर नगर स्थित मोबाइल रिपेयरिग की दुकान में शुक्रवार की रात शार्ट-सर्किट से आग लगने से तीन दुकानों में रखे 25 हजार रुपये समेत कई लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने जान पर खेलकर दुकान में सो रहे दुकानदार नगर के वार्ड 13 निवासी विनीत मोदनवाल को शटर चांड़कर बाहर निकाला। दो घंटे बाद दमकल की गाड़ी आने पर आग पर काबू पाया गया।

तहसील मुख्यालय के ठीक सामने वार्ड 13 निवासी प्रशांत मोदनवाल की फोटो स्टेट एवं कंप्यूटर, इससे सटे मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के शेरवा गांव निवासी अमित विश्वकर्मा की मोबाइल रिपेयरिग व उनके बगल में वार्ड संख्या 13 निवासी विनीत मोदनवाल की मोबाइल रिपेयरिग की दुकान है। रात में किसी एक दुकान में शार्ट-सर्किट से आग लग गई। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर कोतवाल रविद्रभूषण मौर्य हमराहियों के साथ पहुंचे। पुलिस के साथ आसपास के लोगों ने आग बुझाने के लिए पानी फेंकना शुरू किया। इस बीच दुकान के अंदर सो रहे विनीत के चिल्लाने की आवाज आई तो सिपाही बच्चेलाल ने अपनी जान पर खेलकर शटर चांड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। उधर, नगर पंचायत का टैंकर व दमकल की गाड़ी करीब दो घंटे बाद आई तो आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अधिकतर सामान जल चुका था।


तीनों दुकानदारों ने बैंक से लिया है ऋण: दुकानदार प्रशांत कुमार ने काशी गोमती ग्रामीण बैंक से डेढ़ लाख रुपये का मुद्रा ऋण, अमित विश्वकर्मा ने इसी बैंक से पांच लाख रुपये का सीसी ऋण एवं विनीत के पिता ने चार लाख रुपये का ऋण बैंक आफ बड़ौदा से लिया है।


अगलगी में काफी नुकसान:

आग लगने से प्रशांत मोदनवाल की दुकान में रखा फोटो स्टेट मशीन, आधार कार्ड एटीएम मशीन, लेमिनेशन मशीन लैपटाप के अलावा 25 हजार रुपये कैश एवं कई लाख रुपये का सामान जल गया। अमित विश्वकर्मा के दुकान में रखा मोबाइल रिपेयरिग का पंचिग मशीन, दो लैपटाप, तीन एसएमबी मशीन, मोबाइल, पार्टस आदि जल गया। अमित ने बताया कई लाख रुपये का सामान जला है। विनीत के दुकान में रखा लैपटाप, मोबाइल के पार्ट्स, लेमिनेशन मशीन समेत लाखों का नुकसान हुआ है।

 
 '