Ghazipur: कोरोना वायरस के प्रति जागरूक करेगा प्रचार रथ
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कोविड-19 के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निकले प्रचार रथ को विधायक डा. संगीता बलवंत एवं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने शनिवार को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जिला मुख्यालय से रवाना किया। क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो का प्रचार रथ कोविड-19 के प्रति जागरूक करते हुए नगर सहित जनपद की सभी तहसीलों एवं विभिन्न ब्लाकों व ग्रामीण क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह तक भ्रमण करेगा।
आमजन को जागरूक करने के लिए कोविड-19 से संबंधित एक पोस्टर भी जारी किया गया। यह पोस्टर क्षेत्रीय जनपद वासियों को कोविड-19 के परिपेक्ष्य में भ्रांतियों को दूर करेगा और उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित करेगा। यह जागरूकता पोस्टर क्षेत्रीय लोगों के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा।
क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो के अधिकारी तारिक अजीज ने बताया कि अब तक सरकार द्वारा 75 लाख लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया जा चुका है, जो पूरे विश्व में देश के लिए एक उपलब्धि है। कोविड-19 को लेकर कोई भी भ्रांति न पालें एवं सभी लोग अब भी दो गज की दूरी और मास्क आदि का प्रयोग करते रहें। डा. संगीता बलवंत ने कहा कि सूचना प्रसारण मंत्रालय का यह जागरूकता रथ जनता को न केवल
कोविड-19 के बारे में जागरूक करेगा बल्कि उन्हें स्वच्छता आदि का संदेश देते हुए बचाव का रास्ता भी दिखाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा 75 लाख लोगों का टीकाकरण करना और स्वदेशी वैक्सीन को विकसित करना हमारे लिए उपलब्धि है। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि डा. अवधेश कुमार सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार आदि थे।
