Ghazipur: सार्वजनिक स्थल नहीं बैठायी जाएंगी सरस्वती प्रतिमाएं
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. नंदगंज थाना परिसर में शनिवार को बसंत पंचमी को लेकर शांति समिति की बैठक की गयी। इसमें नायब तहसीलदार सैदपुर राहुल कुमार सिंह ने सरस्वती पूजा को लेकर सरकार की ओर से जारी की गयी गाइड लाइन के पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक कोरोना पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता, तब तक किसी प्रकार की कोई ढिलाई नहीं दी जायेगी। कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए भीड़ इकट्ठा नहीं करना है, इससे बीमारी न फैले।
बताया गया कि सरस्वती प्रतिमा कहीं भी सार्वजनिक स्थान पर नहीं रखी जायेगी और ना ही विसर्जन किया जायेगा। अगर प्रतिमा रखनी है, तो छोटी प्रतिमा घर में ही रखकर पूजा करें। यदि सार्वजनिक स्थल पर पूजा करनी है, तो उपजिलाधिकारी से अनुमति लेकर ही प्रतिमा रख सकते हैं। डीजे बजाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। थानाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार राय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की गाइड लाइन का पालन सुनिश्चित कराना हमारी जिम्मेदारी है। इसके लिए हमें आपका सहयोग चाहिए। साथ ही पुलिस प्रशासन आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार रहेगी। इस मौके पर एसआई सुरेन्द्र सिंह, दयाराम मौर्या, केपी सिंह के अलावा रविन्द्र श्रीवास्तव, मुन्ना सिंह, राणा यादव, मनोज जायसवाल, विनीत शर्मा, मयंक जायसवाल, अजीत आदि मौजूद रहे।
