Ghazipur: एसपी व एसडीएम सहित फ्रंट लाइन वर्कर्स को लगा टीका
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिह, सेवराई एसडीएम व तहसीलदार सहित फ्रंट लाइन वर्कर्स को गुरुवार को कोविड-19 टीका लगाया गया। कार्यक्रम जिले के 19 केंद्रों पर चलाया गया। इसमें सबसे अधिक पुलिसकर्मी लाभांवित हुए। टीका लगने के बाद कहीं किसी को कोई समस्या नहीं हुई। केंद्रों पर एक-एक नोडल अधिकारी लगाए गए थे।
तहसीलकर्मियों को लगा टीका
भदौरा : सेवराईं तहसील क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पर गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों को कोविड-19 का टीकाकरण किया गया। रोस्टर के क्रम में गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पर उपजिलाधिकारी तहसीलदार सहित सभी तहसीलकर्मियों, थना में पुलिस चौकी के सभी पुलिसकर्मियों का टीकाकरण किया गया। उपजिलाधिकारी सेवराई रमेश मौर्य व तहसीलदार घनश्याम को टीका लगाकर इसका शुभारंभ किया गया। यहां पर 125 लोगों को टीका लगाने के लिए चिह्नित किया गया है। तहसीलदार ने कहा कि वैक्सीन लेने के बाद कोई भी असुविधा नहीं महसूस हो रही है। सभी लोग बेझिझक टीका लगवाएं और कोई भी व्यक्ति इसके प्रति अफवाह न फैलाए।
85 फीसद को लग चुका टीका
करंडा : स्थानीय थाना प्रभारी अजय कुमार पांडेय समेत थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कोविड का टीका लगवाया। डा. अभिनव सिंह ने बताया कि आज फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण किया जा रहा है। इसमें एक व्यक्ति को दो चरण में टीका लगाया जाएगा। अब तक डाक्टर व फ्रंट लाइन वर्कर्स में लगभग 85 प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है। इस मौके पर चौकी प्रभारी मांझा रामाश्रय राय, कांस्टेबल अभिषेक, महिला कांस्टेबल लक्ष्मी व नागेंद्र कुमार आदि टीका लगवाया। 125 लोगों का टीकाकरण का था लक्ष्य
रेवतीपुर : स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पुलिसकर्मियों को टीका लगाया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. इमाम हुसैन सिद्दीकी ने बताया कि ब्लाक के रेवतीपुर, सुहवल व नगसर थाने के सौ पुलिसकर्मियों को लगना है। 125 लोगों का टारगेट है, गुरुवार को 75 लोगों को टीका लगा है। बाकी लोगों को शुक्रवार को भी कोविड-19 का टीका लगेगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह पर 83 लाभार्थी पोर्टल पर दर्ज थे, जिसमें दिन में लाभार्थियों को कोविड-19 टीकाकरण कराया गया और 24 का पोर्टल पर चढ़ चुका था। गुरुवार के वैक्सीनेशन में पुलिस विभाग के लोगों का नाम था। यहां ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर प्रेम प्रकाश राय, डा. सरफराज आलम, लल्लन राम, कलई देवी, पूनम भारती, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।
