Ghazipur: पट्टे की भूमि पर रविदास की प्रतिमा रखने वालों को पुलिस ने खदेड़ा
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शादियाबाद थाना क्षेत्र के खुटहीं गांव में आवासीय पट्टी की भूमि पर जबरदस्ती संत रविदास की प्रतिमा रखने पर गुरुवार को जमकर बवाल हुआ। सूचना पर जखनियां एसडीएम सूरज कुमार यादव सहित चार थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। काफी समझाने पर मामला शांत नहीं हुआ तो पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए सभी को खदेड़ कर पट्टाधारक को कब्जा दिलाया। मौके से 10 महिलाओं सहित 21 लोग गिरफ्तार कर थाने लाए गए। मामले में 26 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
खुटहीं ग्रामसभा निवासी रामजन्म राम को आवासीय पट्टे के तहत भूमि आवंटित की गई है। इस पर निवर्तमान प्रधान पति अरमनाथ ने अपने कुछ सहयोगियों संग मिलकर बुधवार की रात कब्जा करने की नीयत से रविदास की प्रतिमा रख दिया। इसकी जानकारी रामजन्म को गुरुवार की सुबह हुई। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मामला गंभीर होता देख किसी ने इसकी सूचना राजस्व और पुलिस विभाग को दी। राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर समझाने-बुझाने की कोशिश की। प्रतिमा रखने वालों की दबंगई देख एसडीएम सूरज यादव को सूचना दी गई। ऐसे में वह सीओ भुड़कुड़ा महमूद अली, कोतवाल, थानाध्यक्ष शादियाबाद, थानाध्यक्ष नंदगंज, थानाध्यक्ष सादात पूरे दलबल के साथ पहुंच गए। मनबढ़ों ने पुलिस प्रशासन की बात मानने से इंकार कर दिया तो एसडीएम सूरज कुमार यादव के आदेश पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उन्हें खदेड़ दिया। इसके बाद प्रतिमा को वहां से उठाकर पुलिस ने अपने कब्जे में करते हुए पट्टाधारक को कब्जा करा दिया।
एंटी भू-माफिया के तहत होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार पंचायत चुनाव को देखते हुए निवर्तमान प्रधान पति ने आवंटित भूमि पर रविदास की प्रतिमा को रखा था। इस मामले में एसडीएम ने अवैध कब्जा धारकों के खिलाफ एंटी भूमाफिया की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शादियाबाद थानाध्यक्ष शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि मामले में 26 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।
पुलिस पहुंची तो महिलाओं को कर दिया आगे
थानाध्यक्ष शिव प्रताप वर्मा ने बताया विवादित भूमि पर प्रतिमा स्थापित करने से लोगों को मना किया गया था। मगर कुछ लोगों ने बहकावे में आकर प्रतिमा स्थापित कर दिया। इसे हटाने की बात पर नहीं मानें और महिलाओं को आगे कर दिया। बाद में महिला फोर्स बुलाकर सभी को खदेड़ा गया। रामजन्म राम ने बताया कि 2018 में एक बिस्वा भूमि मेरे नाम पट्टा हो चुकी है। मगर अमरनाथ राम गांव के कुछ लोगों को मिलाकर मेरी भूमि को कब्जा करना चाहते हैं।
सभी अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ एंटी भू-फिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। फिलहाल अब कोई बात नहीं है।-सूरज कुमार यादव, एसडीएम जखनियां।
