Today Breaking News

Ghazipur: खानपुर थाने में एसपी ने जांचा मालखान, परखे हथियार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. खानपुर थाने में इंतजामों का जायजा और पुलिसिंग जांचने पहुंचे एसपी ओपी सिंह ने गहन पड़ताल की। वार्षिक निरीक्षण पर निकले एसपी ने पुलिसकर्मियों से संवाद भी किया और उन्हें बेसिक पुलिसिंग की जानकारी भी दी। उन्होंने दस्तावेजों के रखरखाव व सफाई व्यवस्था के अलावा लंबित विवेचना की प्रगति का जायजा लिया। रजिस्टरों के रख-रखाव को देखते हुए अभिलेखों को चेक किया। इसके उपरांत थाना में स्थापित महिला हेल्प डेक्स एवं सीसीटीएनएस, मालखाना, शास्त्रागार, भोजनालय आदि का निरीक्षण करते हुए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने सीओ सैदपुर राजीव द्विवेदी के साथ खानपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक के थाना पहुंचते ही कर्मियों में हड़कंप मच गया। एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर में घूम कर सफाई व्यवस्था का आकलन किया। इसके बाद वह सीसीटीएनएस रूम पहुंचे। वहां दस्तावेजों के रख-रखाव देखते हुए लंबित विवेचनाओं की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि जो भी विवेचनाएं लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों को प्रथम वरीयता दी जाए। सीओ से संवाद में बताया कि फरियादियों से कुशल व्यवहार करने के अलावा मुखबिर तंत्र को और सक्रिय किया जाए। एसपी ने शस्त्रागार में असलाहों का बारीकी से अवलोकन किया और उन्हें लोड-अनलोड करके भी देखा। मालखाने में रखे सीज सामानों में मुकदमें की पैरवी की जानकारी ली। इस दौरान संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने थाना परिसर में पौधरोपण भी किया। निरीक्षण से पूर्व पुलिस कप्तान ने सलामी ली। इसके बाद कार्यालय का निरीक्षण किया। थाना परिसर में खड़े वाहनों को हटवाने का निर्देश देते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। थाना परिसर में पौधरोपण करने के बाद सम्मानित व्यक्तियों के साथ संवाद है। एसपी ने कहा कि जनता को एहसास रहे कि पुलिस आपकी सेवा में चौबीसों घंटा खड़ी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कामय रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने थानाध्यक्ष से कहा कि पीड़ितों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। प्राथमिक दर्ज कराने में हीला-हवाली न की जाए। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के मद्देनजर लगातार चक्रमण करते रहे।


 
 '