Ghazipur: ड्रोन कैमरे से ईंट-भट्ठों पर की गयी छापेमारी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. अवैध शराब तस्करी को रोकने के लिए शुक्रवार को स्थानीय थाना क्षेत्र के कई स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गयी। हालांकि, पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लग सका।
लहन और कच्ची शराब बरामद करने के लिए अभियान चलाया गया। भुड़कुड़ा सीओ महमूद अली के नेतृत्व में शुक्रवार को ड्रोन कैमरे से जलालाबाद, हरदासपुरकलां, रतनपुरा सहित अन्य गांवों के ईंट-भट्ठा की चेकिंग की गयी। ईंट-भट्ठे पर अफरा-तफरी मची रही। पुलिस को देखते ही कुछ भट्ठे पर काम कर रहे वहां से फरार हो गये। आबकारी निरीक्षक जमशेद आलम ने बताया कि ईंट-भट्टों पर कच्ची शराब व लहन बनाये जाने की सूचना मिली थी। इसी बिनाह पर यह चेकिंग अभियान चलाया गया है। इसमें झारखंड रांची व सोनभद्र जिले से आये मजदूरों के झोपड़ियों और संदिग्ध जगहों पर छापेमारी की गयी है। भट्ठों के समीप व घरों के समीप स्थित झाड़ी, अरहर की फसलों व गड्ढों में की तलाशी ली गयी है। इस दौरान सीओ भुड़कुड़ा महमूद अली, थानाध्यक्ष पन्ने लाल, जलालाबाद चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल सरोज कुमार सहित काफी संख्या में फोर्स मौजूद थी।
