Today Breaking News

Ghazipur: मुख्तार अंसारी के लिए अवैध संपत्ति का नक्शा पास करने वाले इंजीनियरों पर कार्रवाई होगी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. लखनऊ के डालीगंज में निष्क्रांत सम्पत्ति पर माफिया विधायक मुख्तार अंसारी व अफजाल अंसारी की बिल्डिंग का नक्शा पास करने व बाद में निरस्त करने वाले एलडीए के अभियंताओं पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। शासन ने एलडीए से नक्शा पास करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का ब्योरा मांगा है। गृह विभाग की ओर से आए पत्र में 20 फरवरी तक ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा गया है। 

राबिया बेगम मुख्तार अंसारी की मां हैं। उनके नाम से भूखंड संख्या 93 भाग, 21-188 व 93 राजा राममोहन राय डालीबाग तिलक मार्ग बटलरगंज के पास स्थित है। इस पर बिना नक्शा पास कराए भवन निर्माण हो गया था। यह भवन पिछले दिनों एलडीए ने ढहा दिया था। यहीं पर सांसद अफजाल अंसारी की पत्नी फरहत अंसारी के नाम दर्ज भूखंड संख्या 14 बी 7 है। इसका नक्शा एलडीए से पास था, जिसे बाद में एलडीए ने निरस्त कर दिया है।


निर्माण के बाद पास हुआ नक्शा

फरहत अंसारी के नाम पर डालीबाग में आलीशान मकान बिना नक्शा पास करवाए ही बन गया था। बाद में रसूख और फर्जी कागजों के सहारे वर्ष 2007 में नक्शा पास करवाया गया। निष्क्रांत सम्पत्ति की जानकारी होने पर गाटा संख्या 93 की सभी खातेदारी निरस्त कर दी गई है। साथ ही मानचित्र को भी निरस्त कर दिया है। वर्ष 1998 में भूखण्ड पर निर्माण के लिए एक नक्शे का आवेदन किया गया था। मगर कमियां होने की वजह से नक्शा पास नहीं किया गया था। फिर भी निर्माण कार्य पूरा हो गया। 


शासन से पत्र आने पर खलबली

विशेष सचिव गृह आरपी सिंह की ओर से एलडीए में पत्र पहुंचते ही खलबली मच गई है। उन्होने पत्र में कहा है कि नियम विरुद्ध नक्शा पास करने व निरस्त करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करके उनके खिलाफ कार्रवाई करके 20 फरवरी तक अवगत कराया जाए।

 
 '