Today Breaking News

Ghazipur: आधा दर्जनों गांवों में खनन का छापा, डंप लाल बालू पर होगी कार्रवाई

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सुहवल थाना क्षेत्र के मेदनीपुर, कालूपुर, सुजानपुर, बहलोलपुर आदि गांव में खनन अधिकारी, जमानियां तहसीलदार, थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने गुरुवार को औचक छापेमारी कर जगह-जगह डंप किए गए लाल बालू के बारे में जानकारी ली। इससे पूरे क्षेत्र व बालू माफियाओं में खलबली मच गई। इस दौरान जिनकी जमीन में बालू जमा किया गया था, सभी को खनन विभाग द्वारा नोटिस जारी कर उचित जवाब मांगा गया है।

सुहवल थाना क्षेत्र में जगह-जगह भारी मात्रा में लाल बालू डंप किया गया है। जिलाधिकारी ने जमानियां तहसीलदार, खनन अधिकारी सहित संबंधित विभागों को जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करने का निर्देश दिया था। इसपर टीम ने दर्जन भर जगहों पर जमा किए गए लाल बालू के बारे में जानकारी ली। जांच में विभिन्न जगहों पर कुल पांच हजार फीट लाल बालू मिली। वहां मौजूद लोगों से अधिकारियों ने पूछा कि बालू किसका है इस पर कोई उचित जवाब नहीं मिला। खनन अधिकारी ने बताया कि जिसकी जमीन है सभी को नोटिस जारी कर उचित जवाब मांगा जाएगा, नहीं देने पर जुर्माना लगाने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


12 ट्रकों का सुहवल पुलिस ने काटा चालान

छापेमारी के दौरान सुहवल एसओ योगेंद्र कुमार सिंह ने जमा किए जा रहे विभिन्न जगहों पर लाल बालू लदे कुल 12 ट्रकों का चालान करते हुए करीब 60 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है। तमाम चालक ट्रक लेकर इधर-उधर फरार हो गए।


जिलाधिकारी से किया था अनुरोध

सुहवल प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को पत्र लिखकर जगह-जगह जमा किए गए लाल बालू पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। बुधवार को सभी जगहों की रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी को प्रेषित की थी। इसके बाद गुरुवार को यह कार्रवाई हुई।

 
 '