Ghazipur: वारदातों के खुलासे नहीं होने पर घेरी कोतवाली, नारेबाजी
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर कस्बे में लगातार चोरी की वारदातों के बीच पुलिस की लापरवाही पर व्यापारियों ने शनिवार को विरोध जताया। मुख्य बाजार से जुलूस निकालकर व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। कोतवाली मुख्य गेट पर धरना देकर पुलिस अधिकारियों का सिरदर्द बढ़ाया और पुलिसकर्मियों हाथ पांव भी फूल गए। आनन फानन पहुंचे इंस्पेक्टर और सीओ ने समझाया लेकिन आक्रोशित लोग नहीं माने, सीओ ने जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया और जाम समाप्त कराया।
नगर के एलआईसी कार्यालय के बगल में स्थित मोबाइल की दुकान में 6 दिनों पूर्व हुई चोरी के मामले में शनिवार को व्यापारी पुलिस के खिलाफ लामबंद दिखे। खुलासा न होने और पुलिसिया अल्टीमेटम पूरा होने के बाद शनिवार को सैकड़ों दुकानदारों ने मुख्य बाजार से पैदल मार्च किया और करीब आधे घंटे तक थाने का घेराव किया। इसके बाद 4 दिन का समय देकर खुलासे की मांग की। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद,
व्यापारी एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए चल रहे थे। मुख्य बाजार, राजमार्ग से होते हुए वो कोतवाली पहुंचे और वहां पर कोतवाली का घेराव कर दिया। इसके बाद कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्य के सामने ही पुलिस प्रशासन हाय-हाय के नारे लगाते हुए एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। हालांकि सीओ राजीव द्विवेदी ने पहुंचकर व्यापारियों से संवाद करते हुए मामला संभाला और एसओ रवींद्र भूषण भी आ गए। सीओ राजीव द्विवेदी ने सभी को समझाया बुझाया। उन्होंने कहा कि घटनाओं का खुलासा करने की गारंटी लेते हैं। जिसके बाद उनके कहने पर व्यापारियों ने 4 दिनों की मोहलत दी और खुलासा न होने पर बड़ा आंदोलन चेतावनी दी। इस दौरान अध्यक्ष विकास बरनवाल, सौरभ जायसवाल अविनाश बरनवाल, सौम्यप्रकाश बरनवाल, संजय जायसवाल, सभासद आलोक यादव, सुनील यादव, राजकुमार वर्मा, लकी खान, सुनील यादव, आदि व्यवसायी रहे।
