Today Breaking News

Ghazipur: फौजी की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या, परिवार में कोहराम

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नौली गांव निवासी सेना में हवलदार आशुतोष कुमार सिंह की प्रयागराज के नीम सराय इलाके में ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या करने की घटना से परिवार सहित क्षेत्र में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता ने एक महिला समेत अन्य के खिलाफ शिकायत की है। 

मृतक फौजी मूल रूप से नौली गांव के रहने वाले थे। मृतक फौजी के पिता अशोक कुमार सिंह प्रयागराज में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। उनका बड़ा बेटा आशुतोष कुमार सिंह सेना में हवलदार के पद पर उधम सिंह नगर में तैनात था। पिछले दो महीने से छुट्टी पर वह प्रयागराज आया था। अशोक सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को आशुतोष को ड्यूटी पर लौटना था। रात में आशुतोष घर से निकला। इस बीच एक महिला ने आशुतोष की पत्नी को काल करके बताया कि वह जख्मी हालत में पड़े हैं। नीम सराय मैदान में उनकी कार खड़ी है। 


रोते बिलखते परिजन वहां पहुंचे। फौजी के परिजनों को महिला ने बताया कि वह रात आठ बजे मोमोज खरीदने फौजी के साथ गई थी। रात 10 बजे लौटते वक्त रास्ता भटक गए और नीम सराय मैदान पहुंच गए। वहां कुछ लड़के खड़े थे। आशुतोष ने उन्हें हटने के लिए हार्न बजाया तो विवाद हो गया। उन्हीं लड़कों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। आशुतोष जख्मी हो गए थे। पीड़ित परिवार आशुतोष को जख्मी हालत में लेकर मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचा जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार ने महिला समेत अन्य के खिलाफ हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इधर घटना की जानकारी होते ही परिजनों के बिलखने से गांव में मातम पसरा हुआ है।

 
 '