Ghazipur: एकात्म मानववाद के प्रणेता थे पंडित दीनदयाल
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 54वीं पुण्यतिथि को भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को बूथ स्तर पर समर्पण दिवस के रूप मनाया। कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके जीवन दर्शन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह के नेतृत्व में मिश्रबाजार तिराहे पर पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर गोष्ठी में विधायक डा. संगीता बलवंत ने कहा कि पं.दीनदयाल एकात्म मानववाद के प्रणेता थे। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों तक सुगमता से पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा ऐसे महामानव की सोच लोकतंत्र में सदैव प्रासंगिक है। नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, रामनरेश कुशवाहा, रामेश्वर तिवारी, आइटी संयोजक कार्तिक गुप्ता, बच्चा सिंह आदि मौजूद थे।
खानपुर : क्षेत्र के फरीदहां में दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर मुख्य अतिथि मंडल प्रभारी बृजनंदन सिंह ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अखंड भारत का उनका सपना साकार हो रहा है। उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी लोग एक-एक किसान के घर जाकर लोगों को नई कृषि नीति के विषय में समझाएं और बताएं कि किसी के उकसावे या बहकावे में न आकर नए कृषि कानूनों का फायदा उठाते हुए किसान अपनी आय में बढ़ोत्तरी करें। कमलेश सिंह, लालबहादुर यादव, मुकेश सिंह, श्यामकुंवर मौर्या, संतोष भारद्वाज, अचल सिंह, राधाविनोद तिवारी आदि उपस्थित थे।
