Today Breaking News

Ghazipur: मतदाता सूची की गड़बड़ी दूर न होने पर ग्राम पंचायतों में उहापोह

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां अब काफी तेज कर दी गई हैं, लेकिन अभी भी जिले के कई ग्राम पंचायतों के मतदाता सूची में मिली गड़बड़ी को दूर नहीं किया जा सका है। ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने से उहापोह की स्थिति बनी हुई है। कुछ ऐसा ही हाल है मनिहारी ब्लाक के गौसपुर बुजुर्गा और जमानियां के ढढ़नी भानमल राय की। यहां बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है, लेकिन उसमें सुधार नहीं हो सका है।

गैरजनपद ही नहीं गैर राज्य के लोगों का है नाम

मनिहारी ब्लाक के गौसपुर बुजुर्गा गांव के मतदाता सूची में काफी गड़बड़ियां हैं। इस गांव में करीब 100 ऐसे लोग हैं, जो इस गांव के रहने वाले ही नहीं है। कोई मुम्बई तो कोई बलिया और कोई दिल्ली में रहता है। गांव की उन लड़कियों का भी नाम दर्ज है जिनकी शादी हो चुकी है। इतना ही नहीं उसके पति का भी नाम दर्ज है। पंचायत चुनाव में इतनी बड़ी गड़बड़ी पूरी तरह से चुनाव को प्रभावित कर सकती है। गांव के ही डा. खालिद का आरोप है कि यह साजिश के तहत की गई है। इन 100 लोगों में ज्यादातर महिलाओं का नाम है, जो बुर्का पहन करके वोट देने भी जाती हैं। ब्लाक, तहसील सहित जिलाधिकारी से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। 


तीन किमी दूर बना दिया है मतदेय स्थल

जमानियां ब्लाक के ढढ़नीभानमल राय का मामला और भी अधिक हैरान करने वाला है। गांव के 193 लोगों का मतदेय स्थल बगल के गांव इजरी में बना दिया गया है, जो करीब तीन किमी दूर है। इतना ही नहीं, मतदेय स्थल तक जाने के लिए कोई रास्ता भी नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि अगर इसमें सुधार नहीं हुआ तो वह मतदान से भी वंचित हो सकते हैं। इसको लेकर गांव निवासी अरविद राय पंचायत निर्वाचन अधिकारी, एसडीएम व डीएम से शिकायत कर चुके हैं। इस मामले में एसडीएम जमानियां शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि गांव के बीएलओ की रिपोर्ट पर इसकी आख्या बनाकर जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई है। आगे की कार्रवाई उन्हीं के द्वारा की जानी है, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हो सका है.

 
 '