Ghazipur: स्वयंसेवकों ने रैली निकाल लोगों को किया जागरूक
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. महाविद्यालयों में चल रहे सप्त दिवसीय रासेयो के विशेष शिविर के चौथे दिन गुरुवार को स्वयंसेवकों ने ज्वलंत मुद्दों को लेकर जनजागरण रैली निकाली। विद्यार्थियों ने नारी अस्मिता, नारी सम्मान, कन्या भ्रूण हत्या, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक एकता, नशामुक्ति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कृष्ण सुदामा पीजी कालेज मरदापुर के स्वयंसेवकों ने रैली के माध्यम से सभी को शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति के साथ ही ज्वलन्त मुद्दों के प्रति प्रेरित किया। स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक एकता का संदेश दिया। कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूशंस के चेयरमैन डा. विजय कुमार यादव ने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए प्रत्येक नागरिक का सजग होना आवश्यक है। सजग नागरिक प्रहरी होता है जो कवच की तरह प्रत्येक देशवासी की सुरक्षा करता है। उधर कन्या पीजी कालेज हथियाराम की छात्राओं ने प्राचार्य डा. रत्नाकर त्रिपाठी, कार्यक्रम अधिकारी डा. अमिता दूबे, रिंकू सिंह के नेतृत्व में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। छात्रा संध्या यादव, पूजा यादव, दीक्षा दूबे, राधा पाण्डेय, आरती विश्वकर्मा, साजिदा, अर्चना विश्वकर्मा, संजू कुमारी आदि ने गुलाब, आम, नीम, अमरुद और गेंदा का पौधा लगाया। प्राचार्य डा. रत्नाकर त्रिपाठी, डा. अमिता दूबे, रिंकू सिंह आदि ने सांध्यकालीन गोष्ठी में कहा कि समाज व राष्ट्र की उन्नति में महिलाओं को विशेष योगदान है। उन्होंने नारी कल्याण व महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। इसी क्रम में बापू महाविद्यालय के प्राचार्य डा. त्रिवेणी सिंह ने विद्यार्थियो को संस्कारवान बनने का संदेश दिया। उन्होंने जल संरक्षण व पर्यावरण प्रदूषण के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। इस मौके पर शिविरार्थी और शिक्षकगण मौजूद रहे।
