Ghazipur: अब महिलाओं का समूह करेगा बिजली के मीटर की रीडिंग
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. रसोई तक सिमटी रहने वाली महिलाएं अब आत्म निर्भर होने की राह पर चल पड़ी हैं। अभी तक तो राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह को बिजली बिल कलेक्शन, राशन वितरण, कोटा संचालन के अलावा सामुदायिक शौचालय के रखरखाव का काम दिया गया था।
अब ये समूह की दीदियां दरवाजे पर लगे बिजली मीटर की रीडिंग लेंगी। उनको मीटर रीडिंग का प्रत्येक मीटर के हिसाब से 5.50 रुपये मिलेगा। इस संबंध में बृहस्पतिवार को विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में विभिन्न विकासखंडों से चिन्हित कुल 60 समूह की महिलाओं की कार्यशाला संपन्न हुई। कार्यशाला ग्राम्य विकास विभाग एवं यूपीपीसीएल के साथ संयुक्त रूप से संपन्न हुई। कार्यशाला में बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा समूह की महिलाओं को मीटर रीडिंग के तरीकों को समझाया गया। साथ ही प्रैक्टिकल रूप से भी महिलाओं को अवगत कराया गया। अब ये महिलाएं प्रशिक्षित होकर ग्रामीण क्षेत्रों में मीटर रीडिंग का कार्य करेंगी। कार्यशाला में अधीक्षण अभियंता विजयराज सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार भूषण कुमार, मनीष कुमार, नवनीत त्रिपाठी, जिला मिशन प्रबंधक परितोष पांडेय, अनिल चौरसिया, विजय कुमार अग्रहरी, संदीप कुमार पांडेय उपस्थित थे।
