Ghazipur: बगैर कनेक्शन विभाग ने 25 घरों में भेज दिया बिजली बिल, धरने पर बैठीं महिलाएं
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दुल्लहपुर क्षेत्र के चुरामनपुर गांव की राजभर बस्ती में बगैर कनेक्शन के ही विभाग ने 25 घरों में बिजली बिल भेज दिया है। इसके विरोध में दुल्लहपुर उपकेंद्र पर दर्जनों महिलाएं गुरुवार को धरने पर बैठकर बिजली बिल निरस्त करने की मांग करने लगीं। एसडीओ अभिषेक राय के आश्वासन पर महिलाएं लौटीं।
चुरामनपुर गांव की राजभर बस्ती में छह माह पूर्व विद्युतीकरण शुरू हुआ। गांव के नजदीक पोल लगाकर विभागीय कर्मियों ने छोड़ दिया। काम पूर्ण होने से पहले ही विभागीय कर्मियों ने कई लोगों की दीवारों पर मीटर भी लगा दिया और आधार कार्ड की फोटो कापी ले लिया। अभी तक पोल के तार से मीटर का कनेक्शन नहीं हुआ है। छह माह बाद सभी उपभोक्ताओं के घर बिजली बिल आना शुरू हो गया। चुरामनपुर के ग्राम प्रधान भुआल यादव का कहना है कि किसी के पास तीन हजार तो किसी के पास साढ़े तीन हजार रुपये का बिल आया है, जबकि उन लोगों के घर बिजली का कनेक्शन ही नहीं है। धरना में आशा देवी, शीला देवी, सविता, मीना, उर्मिला आदि थीं।
