Ghazipur: पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को कराया दंगा नियंत्रण अभ्यास
गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पंचायत चुनाव और होली को लेकर जिले की पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। साप्ताहिक परेड के बाद शुक्रवार को डीजीपी के निर्देश पर पुलिस लाइन ग्राउंड पर दंगा नियंत्रण को लेकर अभ्यास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने हथियारों पर खूब हाथ आजमाया। पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल कराकर पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने दंगाइयों से निपटने के कई टिप्स देने के साथ ही अभ्यास में जो खामियां नजर आईं उन्हें सुधारने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। इसके उपरांत पुलिस बल द्वारा बलवा एवं दंगा नियंत्रण का अभ्यास कराया। सुबह करीब नौ बजे दंगा रिहर्सल अभ्यास शुरू हुआ। इस दौरान सभी सीओ मौजूद रहे। मैदान में दंगे की खबर आई तो खलबली मच गई। अचानक ग्राउंड में पत्थर फेंके जाने लगे और फिर पुलिस की ओर से लाठी पार्टियों ने भी मोर्चा संभाला। बावजूद इसके दंगाई नहीं माने तो फायरिग और आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इस दौरान एसपी डा. ओपी सिंह स्वयं आंसू गैस के गोले छोड़ रहे थे। अभ्यास में खामियां को देखकर एसपी इसे जल्द दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले दंगा रोकने का रोकने का पूरा प्रयास करना चाहिए। तमाम प्रयास के बावजूद अगर दंगा शुरू हो जाए तो आंसू गैस के गोले से लेकर पानी की बौछार करनी चाहिए। अगर इसके बाद भी वह नहीं माने तो फायरिग करनी चाहिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षकों सहित थानों से आए पुलिसकर्मियों ने अश्रु गैस गन, एंटी राइट गन आदि चलाकर अभ्यास किया। अभ्यास के बाद एसपी ने समस्त क्षेत्राधिकारी व थानों प्रभारियों को आगामी होली के त्यौहार को सकुशल शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने हेतु निर्देशित किया।
