Today Breaking News

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 265 लोगों ने दम तोड़ा, 32993 नए संक्रिमत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का तेजी से बढ़ता संक्रमण देश के साथ उत्तर प्रदेश के लोगों को भी अपनी चपेट में ले रहा है। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का इससे बचाव के वृहद अभियान के बीच में भी बीते 24 घंटे में 265 लोगों ने दम तोड़ दिया है। इसके साथ ही 32,993 नए संक्रमितों के मिलने के बीच में 30,398 लोग इसके संक्रमण से उबरे भी हैं। राजधानी लखनऊ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां 24 घंटे के दौरान 4,437 नए केस मिले हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि यहां कुल मिले संक्रमितों से ज्यादा 5,960 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।

उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 265 कोरोना संक्रमितों की मृत्यु हो गई है। इसमें सबसे ज्यादा 39 लोगों ने लखनऊ में दम तोड़ दिया है। यहां अब तक कुल 1713 लोगों की जान कोरोना ले चुका है। अब भी लखनऊ में 49,064 कोरोना के एक्टिव केस हैं। वहीं कानपुर व गाजियाबाद में 15-15 और प्रयागराज व वाराणसी में 13-13 लोगों की मृत्यु हुई है। नोएडा में 12 संक्रमितों की मौत हुई है। 


प्रदेश के अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 32,993 नए मामले सामने आए हैं और 30,398 लोग इसके संक्रमण से उबरे भी हैं। प्रदेश में अब एक्टिव केस की कुल संख्या 3,06,458 है। इनमें से भी दो लाख 52,598 लोग होम आइसोलेशन में हैं। बाकी का सरकारी तथा निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।


अब तक चार करोड़ की जांच : प्रदेश सरकार का बड़ा जोर टेस्टिंग पर भी है। कल प्रदेश में 1,84,144 सैंपल्स की जांच की गई। अब तक उत्तर प्रदेश में कुल 4,01,41,354 सैंपल्स की जांच की गई है। चार करोड़ से ज्यादा टेस्ट करने वाला उत्तर प्रदेश पहला राज्य बन गया है।


वैक्सीनेशन के अभियान पर जोर : प्रदेश सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन के बड़े अभियान की तैयारी पूरी कर ली है। 29 अप्रैल तक प्रदेश में एक करोड़ से अधिक की डोज आ जाएगी। इसके लिए सरकार के लिए एक करोड़ से ज्यादा डोज का आदेश निर्गत किया गया है। 50-50 लाख कोवैक्सीन व कोविशील्ड की लोगों को समय पर डोज उपलब्ध कराई जाएगी।

 
 '