Today Breaking News

आरपीएफ की महिला दारोगा ने रेलवे स्‍टेशन पर कराया महिला यात्री का प्रसव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. हरदोई से ससुर के साथ बस द्वारा गोरखपुर पहुंची पश्चिम चंपारण (बिहार) की महिला यात्री को शनिवार की रात में रेलवे स्टेशन पर प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वहां तैनात सिपाही ने सूचना उच्चाधिकारियों को दी, जिसके बाद कर्मचारियों के साथ पहुंची आरपीएफ की महिला दारोगा प्रियंका सिंह ने चद्दर का घेरा बनाकर प्रसव कराया। यात्री मित्र की सूचना पर पहुंची रेलवे के डाक्टर ने जांच करने के बाद यात्रा की अनुमति दे दी।

हरदोई से गोरखपुर आई थी महिला, नरकटियागंज की ट्रेन पकड़ने जा रही थी स्टेशन

पश्चिम चंपारण, नरकटियागंज के सहोदरा थानाक्षेत्र स्थित पिपरा बासपुर निवासी फरमान मियां हरदोई (उत्तर प्रदेश) जिले के मुरेदा में रहकर रोजगार करते है। उनके बेटे फुटारे की पत्नी 35 वर्षीय आयशा खातून गर्भवती थी। शनिवार को बस से बहू को लेकर वह गोरखपुर पहुंचे। नरकटियागंज जाने वाली ट्रेन के इंतजार में वह दोनो रेलवे स्टेशन पर सेकेंड क्लास गेट के पास पोर्टिगो में बैठे थे। रात 10:30 बजे आयशा को प्रसव पीड़ा शुरू हो गयी। नाइट कर्फ्यू की वजह से अस्तपाल जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला। आसपास मौजूद लोग भी मदद को आगे नहीं आ रहे थे। 


रेलवे स्टेशन के गेट नंबर दो के पास महिला ने बच्ची को दिया जन्म

महिला को तड़पता देखकर सेकंड क्लास गेट पर तैनात आरक्षी रविंद्र कुमार ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद दारोगा प्रियंका सिंह अपने साथ मुख्य आरक्षी देवी बक्स सिंह के साथ पहुंची। यात्री मित्र को चिकित्सीय सुविधा के लिए सूचना देने के बाद महिला सफाईकर्मी उर्मिला, सलमा व अन्य महिला यात्रियों को बुलाया।


प्रसव पीड़ित महिला को चारों तरफ से कपड़ों से घेरवाकर सुरक्षित कराया। रात करीब 10:45 बजे महिला यात्री ने एक नवजात बेटी को जन्म दिया। उसी समय यात्री मित्र मनोज वर्मा के साथ रेलवे चिकित्सक डाक्टर विवेक शुक्ल भी पहुंच गए। उन्होंने महिला व नवजात के स्वास्थ्य की जांच की। दोनों के स्वस्थ होने पर आगे की यात्रा करने की अनुमति दे दी।

'