Today Breaking News

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बोले: 'चुनावी युद्ध का समय निकट, जो रूठे हैं उन्हें मनाएं'

गाजीपुर न्यूज़ टीम, प्रयागराज. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को कहा कि चुनावी युद्ध का समय निकट आ गया है। सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से प्रदेश में एक बार फिर से पूर्ण बहुमत वाली भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेकर तैयारियों में जुट जाएं। जो रूठे हैं उन्हें भी मनाने का प्रयास किया जाए। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने यह बात सर्किट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों के वर्चुअल संवाद में कही।

शनिवार की शाम प्रयागराज पहुंचे स्वतंत्र देव सिंह ने यहां वर्चुअल संवाद में यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि वर्ष 2017 की तरह 2022 में भी भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी। कार्यकर्ता चुनाव तैयारियों को लेकर अभी से जुट जाएं। उसके पूर्व  जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख के चुनाव में जीत सुनिश्चित करने का लक्ष्य बनाया जाए। जो रूठे कार्यकर्ता हैं उन्हें भी मनाया जाए। ताकि प्रदेश के सभी जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी का ही हो। पार्टी के  सभी वरिष्ठ जनों को भी प्रयास कर शत-प्रतिशत परिणाम भाजपा हित में देना चाहिए। उधर सर्किट हाउस में वर्चुअल संवाद के बाद सांसद केशरी देवी पटेल और विधायकों से स्वतंत्र देव सिंह ने वार्ता की।


यहां सांसद एवं अन्य लोगों द्वारा स्वागत करने के बाद  जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख चुनाव पर प्रदेश अध्यक्ष से चर्चा की गई। सांसद केशरी देवी ने आश्वस्त किया कि प्रयागराज में भाजपा का ही जिला पंचायत अध्यक्ष होगा। इस दौरान मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, विधायक विक्रमाजीत मौर्य, पूर्व विधायक दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, मृत्युंजय तिवारी, पवन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

'