Today Breaking News

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव अनूप चंद्र पाण्डेय देश के नए निर्वाचन आयुक्त नियुक्त

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव रहे डॉ. अनूप चंद्र पाण्डेय को देश का नया निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है। अनूप चंद्र पाण्डेय को 37 वर्ष की भारतीय प्रशासनिक सेवा का अनुभव है। उत्तर प्रदेश में अगस्त 2019 तक मुख्य सचिव के पद पर आसीन रहे अनूप चंद्र पाण्डेय फिलहाल एनजीटी में यूपीनिगरानी समिति के मौजूदा सदस्य भी हैं। वह 2018 में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव बने थे। इससे पहले वह औद्योगिक उत्पादन आयुक्त, प्रमुख सचिव वित्त तथा अन्य बड़े पद पर रहे।

31 अगस्त 2019 को रिटायर होने से पहले पाण्डेय उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास विभाग में आयुक्त के रूप में सेवा दे चुके हैं। डॉ. अनूप चंद्र पाण्डेय वैसे तो दो फरवरी 2019 में रिटायर हो गए थे, किंतु योगी आदित्यनाथ सरकार ने उनके कार्य-शैली को देखते हुए उनका कार्यकाल छह महीने के लिए बढ़ा दिया था। प्रदेश में उन्होंने अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आइआइडीसी) के पद पर रहते हुए प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को रफ्तार दी। उनकी ही अगुआई में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फरवरी 2018 में यूपी इंवेस्टर्स समिट का शानदार आयोजन हुआ। इसकी सराहना खुद इस आयोजन का उद्घाटन करने आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी।


बतौर आइआइडीसी उन्होंने प्रदेश में निवेश परियोजनाओं की ट्रैकिंग का प्रभावी तरीका लागू किया जिस पर योगी आदित्यनाथ सरकार अब तक अमल कर रही है। इससे पहले वे वित्त, चिकित्सा शिक्षा सहित कई विभागों के प्रमुख सचिव व ग्रेटर नोएडा अथारिटी के चेयरमैन भी रह चुके हैं। बसपा सरकार में वर्ष 2007-08 के दौरान मुख्यमंत्री मायावती के सचिव भी रहे थे। उन्होंने सचिव बेसिक शिक्षा और खाद्य एवं रसद आयुक्त जैसे पदों का भी दायित्व बखूबी संभाला। उन्होंने सूचना निदेशक का पद भी बहुत अच्छे से संभाला था। केंद्र सरकार में वह रक्षा मंत्रालय में अपर सचिव और श्रम मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रहे हैं।


अनूप चंद्र पांडेय अभी दो वर्ष पहले ही उत्तर प्रदेश मुख्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका जन्म 15 फरवरी 1959 को पंजाब के चंडीगढ़ में इनका जन्म हुआ था। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा मैटेरियल मैनेजमेंट में एमबीए की उपाधि भी प्राप्त की है। कानून मंत्रालय में विधायी विभाग ने कहा कि राष्ट्रपति ने 1984 बैच के सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) के अधिकारी पाण्डेय को उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त करने का आदेश दिया है।


पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के पद छोड़ के बाद तीन सदस्यीय पैनल में एक जगह जगह खाली थी। अरोड़ा ने 12 अप्रैल को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) का पद छोड़ा था। वर्तमान में सुशील चंद्रा मुख्य चुनाव आयुक्त हैं, जबकि राजीव कुमार एक अन्य चुनाव आयुक्त हैं।  योग्य और कर्मठ प्रशासनिक अधिकारी की छवि वाले अनूप चंद्र पाण्डेय लम्बे समय तक केंद्र सरकार की सेवा में भी रहे हैं। यूपी कैडर के 1984 बैच के आइएएस अधिकारी रहे अनूप चंद्र पाण्डेय चुनाव आयुक्त की चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त की बाद अब चुनाव में आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त समेत तीन आयुक्त हैं।

'