Today Breaking News

मौसम विभाग की भविष्‍यवाणी: उत्तर प्रदेश - बिहार में खूब बरसेंगे बादल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून ने भारत के अधिकांश क्षेत्र को कवर कर लिया है। उत्‍तर प्रदेश हो या बिहार, महाराष्‍ट्र हो या झारखंड... झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है। मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, झारखंड, मध्‍य प्रदेश समेत दिल्‍ली को भी यलो अलर्ट पर रखा है। गुरुवार को जारी अपडेट के अनुसार, आज देश के ज्‍यादातर इलाकों में बारिश होगी। मॉनसून की उत्तरी सीमा दीव, सूरत, नंदुरबार, भोपाल, नौगोंग, हमीरपुर, बाराबंकी, बरेली, सहारनपुर, अंबाला और अमृतसर से गुजर रही है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के ज्यादातर क्षेत्रों में सक्रिय हो चुका है, लेकिन उत्तरी क्षेत्रों में पहुंचने में उसकी रफ्तार थम गई है। हवा की विपरीत स्थितियों के चलते मानसून को लगे इस झटके से उत्तरी राज्यों राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में मानसून के पहुंचने में देरी हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश तक मानसून भले ही समय से पहले पहुंच गया हो, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक उसके पहुंचने में तीन से चार दिनों तक की देरी हो सकती है। चक्रवाती स्थिति पैदा होने की वजह से मानसून की रफ्तार धीमी हुई है।


मौसम विभाग के महानिदेशक एम. महापात्र ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बनी हुई है। राजस्थान, गुजरात के कुछ हिस्से, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली पहुंचने के लिए हवाओं की चाल और दिशा अनुकूल नहीं है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्तमान चक्रवातीय स्थिति के कारण मानसून उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों में अगले पांच दिनों में धीरे-धीरे पहुंच सकता है। स्थानीय चक्रवाती हवाओं के दबाव में दिल्ली समेत एनसीआर के अलग-अलग क्षेत्रों में छिटपुट बारिश होती रहेगी। हवाओं में नमी की मात्रा अधिक होने और तापमान बढ़ने से मौसम में उमस की स्थिति बनी रहेगी। हवाओं की बदलती स्थितियों के चलते दिल्ली में मानसून की बारिश अपने पूर्व निर्धारित समय 29 जून तक पहुंचने का अऩुमान है।


अगले सप्ताह तक ही दिल्ली में मानसून सक्रिय होगा। फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसूनी हवाएं उत्तरी सीमा दीव, सूरत, नंदुरबार, भोपाल, नौगोंग, हमीरपुर, बाराबंकी, बरेली, सहारनपुर, अंबाला और अमृतसर से गुजर रही हैं। केरल में समय से दो दिन के विलंब के बाद तीन जून को पहुंचे दक्षिण पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ते हुए तेजी से देश के बड़े हिस्से को कवर कर लिया, लेकिन मानसून की गति को पछुआ हवाओं ने थाम लिया है।


मौसम विभाग ने कल सुबह 8.30 बजे से लेकर आज सुबह 5.30 बजे तक हुई बारिश के आंकड़े जारी किए हैं। यूपी के मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर में 100 मिलीमीटर से ज्‍यादा बारिश दर्ज की गई। केरल के वायनाड में 131mm बारिश हुई है।

'