Today Breaking News

गाजीपुर जिला पंचायत अध्‍यक्ष चुनाव परिणाम 2021 : भाजपा की सपना सिंह और सपा की कुसुमलता यादव के बीच मुकाबला

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा से सपना सिंह और सपा से कुसुमलता यादव के बीच सीधा मुकाबला है। 67 जिला पंचायत सदस्यों में जीत के लिए 34 की जरूरत पड़ेगी। पार्टी के आधार पर दोनों दल इस आंकड़े से दूर हैं। निर्दलीय और अन्य दलों के सदस्यों पर दारोमदार है। 

फिलहाल दावे दोनों तरफ से जीत के हैं। निर्दल से भाजपा तक पहुंचाने और टिकट दिलवाने में एमएलसी विशाल सिंह चंचल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। दूसरी ओर सपना सिंह के मुकाबले सपा से चुनाव लड़ रहीं कुसुमलता यादव को पार्टी का टिकट मिलने के बाद से ही समर्थक सदस्यों का विरोध झेलना पड़ रहा है। हालांकि, पार्टी उनकी जीत के दावे कर रही है। दोनों पार्टियां पूरी ताकत से अंतिम समय तक लगी रहीं। सपा ढाई दशक से इस सीट पर काबिज रही है तो भाजपा के लिए जीत नाक का प्रश्न है।


2:30 बजे तक पड़ गए सभी 67 वोट : जिला पंचायत अध्‍यक्ष पद के लिए सुबह 11 से शुरू होकर दोपहर 2:30 बजे तक मतदान हुआ। सभी 67 जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है। तीन बजे से मतों की गणना शुरू हो गई। इसके बाद शाम तक विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। इसको लेकर गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही तो दोनों प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी नजर आईं।


एक बजे तक 67 में 62 जिला पंचायत सदस्यों ने किया मतदान : जिला पंचायत अध्‍यक्ष के लिए सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट में मतदान चल रहा है। दोपहर एक बजे तक कुल 67 जिला पंचायत सदस्यों में 62 सदस्‍य मतदान करने के लिए मतदान केंद्र पहुंच गए थे। केवल अब पांच सदस्‍यों का मतदान करना बाकी रह गया था। जिला पंचायत अध्‍यक्ष पद पर मतदान तीन बजे तक होगा। इसके बाद मतों की गणना की जाएगी। इसको लेकर दोनों प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।

छावनी में तब्दील हुआ कचहरी मुख्यालय: जिलापंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर कचहरी मुख्यालय हो पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। नौ थानों की फोर्स सहित पांच सीओ, एक कंपनी पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। सिचाई चौराहा, ओपियम फैक्टरी, कचहरी चौराहा पर बैकेडिंग कर सभी तरह के वाहनों को रोक दिया गया। पैदल भी किसी को नहीं जाने दिया जा रहा है। 11 बजे से मतदान शुरू होगा। एसपी स्वंय सुरक्षा व्यस्था का जायजा ले रहे हैं। 


सपा-भाजपा में है सीधी टक्कर: भाजपा की सपना सिंह और सपा की कुसुमलता यादव में सीधी टक्कर है। दोनों ही प्रत्याशी भारी संख्या में समर्थकों के कलेक्ट्रेट पहुंच गए हैं। पुलिस ने सभी को बाहर ही रोक दिया।


जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव आज यानि शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कलेक्ट्रेट में होगा। बड़ी संख्या में फोर्स के साथ ही ‘तीसरी आंख’ की इस पर निगहबानी होगी। 11 से तीन बजे तक तक वोट डाले जाएंगे। इसके बाद मतगणना होगा। 500 मीटर के परिक्षेत्र व बैरियर के अंदर मतदाताओं के इतर किसी का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित होगा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 


कलेक्ट्रेट परिसर के चारों ओर ओपियम फैक्ट्री तिराहा, सिद्धेश्वरनगर कालोनी तिराहा, शास्त्रीनगर जिला जज आवास के पास बैरिकेडिंग कराकर एसओ सहित सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यह सुरक्षाकर्मी मतदान करने जाने वाले प्रत्येक सदस्य की जांच करेंगे। किसी भी हाल में मतदान स्थल तक कोई मतदाता मोबाइल लेकर नहीं जा पाएगा। कोई सरकारी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति, मंत्री, सांसद, विधायक अन्य जनप्रतिनिधि या किसी भी दल के संगठन के पदाधिकारी जिन्हें सरकारी सुरक्षा प्राप्त है वे मतदान एवं मतगणना स्थल के भीतर प्रवेश नहीं करेंगे।

'