Today Breaking News

भदोही जिला पंचायत अध्‍यक्ष चुनाव परिणाम 2021 : अनिरुद्ध त्रिपाठी 25 में 20 मत हासिल कर बने जिला पंचायत अध्‍यक्ष

गाजीपुर न्यूज़ टीम, भदोही. भदोही जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को मतदान सुबह 11 बजे से शुरू हो गया। इसी दिन दोपहर बाद करीब तीन बजे से मतों की गिनती भी की जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी चौकसी रहेगी। सीसीटीवी से भी निगहबानी की जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भेजे गए प्रेक्षक एवं विशेष सचिव सर्वज्ञराम मिश्रा ने शुक्रवार को मतदान केंद्र का जायजा लिया।  जिला पंचायत चुनाव में दोपहर एक बजे तक कुल 24 वोट पड़ चुके थे। अब आशीष सिंह और श्याम कुमारी का तीन बजे तक इंतजार किया गया और फ‍िर मतों की गणना शुरू हो गई। 

अनिरुद्ध त्रिपाठी बने जिला पंचायत अध्‍यक्ष : मतों की गणना के दौरान जिला पंचायत चुनाव में अनिरुद्ध त्रिपाठी को कुल 20 मत मिले तो वहीं अमित सिंह को कुल चार वोट ही हासिल हो सके। जबकि एक वोट अवैध घोषित कर दिया गया। इस प्रकार कुल 25 वोट भदोही जिला पंचायत अध्‍यक्ष पद के लिए डाले गए थे। इस प्रकार अनिरुद्ध त्रिपाठी जिला पंचायत अध्‍यक्ष निर्वाचित किए गए।  


भदोही में दो निर्दलियों के बीच सीधी टक्कर : जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सुबह 11 बजे मतदान शुरू हो गया। इस दौरान 12 बजे तक 26 में 19 वोट पड़ चुके हैं। मतदान को लेकर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में वोटर जिला पंचायत जिला पंचायत सदस्य मतदान कक्ष में प्रवेश कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में फोर्स तैनात की गई है। भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी के भाई एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिरुद्ध त्रिपाठी और अमित सिंह प्रिंस चुनाव मैदान में हैं। अमित सिंह प्रिंस को भाजपा ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। इसके पश्चात टिकट काट दिया गया।


इसके पहले डीएम आर्यका अखौरी और एसपी रामबदन सिंह के अलावा अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव की तैयारी की समीक्षा की। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद से ही निर्वाचित 26 जिला पंचायत सदस्यों को अपने खेमे में रखने के लिए प्रत्याशियों ने ताकत झोंक दी थी। भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी के भाई एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिरुद्ध त्रिपाठी और अमित सिंह प्रिंस के बीच सीधा मुकाबला है। भाजपा ने अमित सिंह को प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन बाद में अपना समर्थन वापस ले लिया। दोनों प्रत्याशी अंतिम दिन तक बहुमत के आंकड़े को बनाए रखने के लिए एड़ी- चोटी एक कर दिए हैं। मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को ही प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है।

शनिवार को सुबह 11 से तीन बजे तक मतदान हो गया। इसके पश्चात तीन बजे से मतों की गिनती की जाएगी। आयोग से आए प्रेक्षक ने भी अधिकारियों संग मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। प्रेक्षक ने अधिकारियों से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली। कहा कि मतदान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा का पुख्ता इंतजार किया जाए। परिसर के अंदर सदस्यों को छोड़ किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था किया गया है। चप्पे- चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी।

'