Today Breaking News

बातों की खेती करने वाले करेंगे किसान सम्मेलन - अखिलेश यादव

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बातों की खेती करने वाले किसान सम्मेलन करेंगे। अखिलेश यादव ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि अन्नदाता का मतदाता बनाने का समय जब निपट आया तब जाकर भाजपा को किसानों की याद आई है। किसान भाजपाइयों के बहकावे-फुसलावे में नहीं आने वाले हैं। 2022 के चुनाव में एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ किसान मतदान करेंगे।

सुना है बातों की खेती करनेवाली भाजपा यूपी में ‘किसान सम्मेलन’ करेगी। अन्नदाता का मतदाता बनने का समय जब निकट आया तब जाकर भाजपा को किसानों की याद आयी। किसान भाजपाइयों के बहकावे-फुसलावे में नहीं आनेवाले। 2022 में किसान एकजुट होकर भाजपा के ख़िलाफ़ मतदान करेंगे।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का चरित्र जनविरोधी है। जनता की समस्याओं और चुनौतियों के समाधान में उसकी कोई रुचि नहीं है। राजनैतिक षड्यंत्रों से संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने में ही भाजपा दिन-रात लगी हुई है। महंगाई, बेरोजगारी, किसान समस्या, महिला उत्पीड़न, अपराध से जनता बुरी तरह त्रस्त है। बावजूद इसके भाजपा का झूठा प्रचार अभियान जारी है। नौकरी के लिए युवाओं को हाथ जोडऩा पड़े, उनसे जनता अब हाथ जोड़ लेगी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने जनता का भरोसा तोड़ दिया है। सत्ता में आने के बाद से सिर्फ भ्रामक वायदों के सपने दिखाए जा रहे हैं। प्रदेश के विकास को भाजपा ने अवरूद्ध कर दिया है। ध्वस्त कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के कारण जनता बेहाल है। मुख्यमंत्री सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं। जमीन पर उसका कोई अमल नहीं हो रहा है। सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने तक ही सिमट गई हैं। प्रदेश के पिछड़ेपन की जवाबदेह मौजूदा सरकार है। जनता को दुखी करने वाली भाजपा की विदाई करने के लिए लोगों ने कमर कस ली है। 2022 में यह बदलाव होकर रहेगा।

'