Today Breaking News

अंतिम सफर पर कल्याण सिंह: विधान भवन में श्रद्धांजलि देने उमड़े विपक्षी दलों के नेता

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. भारतीय राजनीति के पुरोधाओं में से एक स्वर्गीय कल्याण सिंह अब अपने अंतिम सफर पर हैं। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक कल्याण सिंह का शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह को रात से ही उनके पौत्र और योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री संदीप सिंह के सरकारी आवास पर रखा गया।

उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय कल्याण सिंह का पार्थिव देह का अंतिम दर्शन करने विधान भवन में भी बड़ी संख्या में नेता तथा विपक्षी दलों के दिग्गज पहुंचे। विधान भवन के हाल में सभी अपने लोकप्रिय तथा जनप्रिय नेता की अंतिम झलक पाने को आतुर थे। यहां पर दलगत भावना भी टूटती दिखीं। 

समाजवादी पार्टी के साथ ही बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकदल तथा अन्य पार्टियों के विधायक तथा नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। विधानभवन के बाद उनकी पार्थिव देह को उत्तर प्रदेश में भाजपा के मुख्यालय में रखा जाएगा। कल्याण सिंह के पौत्र संदीप सिंह के आवास से विधान भवन तक पार्थिव देह को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह तथा आशुतोष टंडन आए। यहां पर मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सभी को पार्थिव देह का दर्शन करने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह भी कल्याण सिंह की पार्थिव देह का दर्शन करने लखनऊ पहुंचे। उनके साथ योगी आदित्यनाथ सरकार के कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक भी थे। राजनाथ सिंह ने कल्याण सिंह की पार्थिव देह का नमन किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी 2.40 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। लखनऊ में धामी भाजपा कार्यालय लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन करेंगे।

PM मोदी ने कहा- जनकल्याण के लिए रहा कल्याण सिंह जी का जीवन

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम तथा पूर्व गवर्नर कल्याण सिंह की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन करने के बाद उनको श्रद्धांजलि दी दी। कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कल्याण सिंह ने भारतीय जनता पार्टी तथा भारतीय जन संघ को एक विचार देने के साथ ही साथ देश के उज्जवल भविष्य के लिए खुद को समर्पित किया। कल्याण सिंह जी भारत के कोने-कोने में विश्वास का नाम बन गए थे।

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि भाजपा के पुरोधा कल्याण सिंह जी तो जीवन भर जन कल्याण के लिए जिए। स्वर्गीय कल्याण सिंह जी भारत के हर कोने के जनकल्याण के लिए प्रयत्न करते रहे। उनको जब भी और जैसा भी दायित्व मिला, चाहे विधायक, मुख्यमंत्री, सांसद या फिर गर्वनर उन्होंने हर विधा में जनता की सेवा की। हम हमेशा हर एक के लिए प्रेरणा हैं। देश ने मूल्यवान हस्ती तथा सामथ्र्यवान नेता खो दिया है। 

वह तो प्रतिबद्ध निर्णयकर्ता का नाम बन चुके थे और जीवन के अधिकतम समय में जनकल्याण में हमेशा चाहे वह विधायक के रुप में हो, चाहे सरकार में उनका स्थान हो चाहे, गवर्नर की जिम्मेदारी हो हमेशा हर एक के लिए प्रेरणा का केंद्र बने जनसामान्य का विश्वास का प्रतीक बने। देश ने एक मूल्यवान शख्सियत वाले नेता खोया है। हम उनके आदर्शों उनको संकल्पों को लेकर अधिकतम पुरुषार्थ करें और उनके सपनों को पूरा करने में कोई कमी ना रखें। 

मैं प्रभु श्री राम से प्रार्थना करता हूं कि कल्याण सिंह जी को अपने श्री चरणों में स्थान दे और उनके परिवार को दुख को सहन करने की शक्ति दे। पार्थिव देह के पास करीब दो मिनट का मौन रख प्रार्थना करने के लिए पीएम मोदी ने कल्याण सिंह के पुत्र एटा से सांसद राजवीर सिंह तथा पौत्र योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री संदीप सिंह ने मिलकर अपनी शोक संवेदना भी व्यक्त की।

'