Today Breaking News

यूपी-बिहार को जोड़ने वाले पुल का एप्रोच मार्ग धंसने से गाजीपुर से बिहार का आवागमन बंद

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी-बिहार को जोड़ने वाला खजुरी गांव के पास कर्मनाशा नदी पर बना पक्का पुल का एप्रोच मार्ग बाढ़ के कारण धंस गया है। इससे दोनों प्रांतों के लोगों का आवागमन ठप हो गया है। राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। संकट और गहराने के आसार हैं।

कर्मनाशा में आई बाढ़ के कारण मार्ग ध्वस्त हो गए हैं। सेवराई तहसील के कर्मनाशा में पूर्ववर्ती सरकार में लाखों की लागत से पक्का पुल का निर्माण हुआ। एप्रोच मार्ग न होने के कारण आवागमन बंद था। ग्रामीणों की बार-बार मांग करने के बाद पुल के दोनों ओर मिट्टी डालकर एप्रोच मार्ग आवागमन के लिए छह माह पूर्व बना दिया गया।

कर्मनाशा में बाढ़ आने से मिट्टी का एप्रोच मार्ग जगह-जगह धंस गया। इस कारण आवागमन बंद हो गया। पक्का पुल से सेवराई तहसील के लोग आसानी से खजुरी गांव होते हुए कैमूर जनपद होते हुए कारीराम व नुआंव आते जाते थे। गांव के अक्षय लाल यादव, उमेश, मारकण्डेय कुशवाहा, बाल्मीकि चौधरी आदि ने जिलाधिकारी सहित विभागीय उच्चाधिकारियों से पुल एप्रोच की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि आवागमन शुरू हो सके।

'