Today Breaking News

मां ने अबोध पुत्र की गला काटकर हत्या कर शव खेत में फेका, खुद थाने पहुंचकर पुलिस को दी जानकारी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के बशारतपुर गांव की एक महिला ने शनिवार को ममता को कलंकित करने वाली घटना को अंजाम दे डाला। पति से कहासुनी के बाद क्षुब्ध होकर उसने अपने अबोध पुत्र की गला काटकर हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। खुद थाने पहुंचकर अपराध की स्वीकारोक्ति कर ली। कलयुगी मां को हिरासत में लेकर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव व हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।

गांव निवासी वंशराज गौतम शनिवार की सुबह आम दिनों की तरह काम पर चला गया। सुबह तकरीबन दस बजे उसकी पत्नी आरती अपने एक वर्ष के पुत्र शिवा को लेकर वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित उमरपुर गांव पहुंची। राम लखन के गन्ने के खेत में शिवा की चाकू से गला रेतकर हत्या कर शव फेंक दिया। दिन में करीब तीन बजे आरती थाना पहुंची और कुछ देर तक गेट पर बैठी रही। इसके बाद अंदर जाकर पुलिसकर्मियों से अपने बेटे की हत्या कर देने की बात कही। पुलिसकर्मियों को एक बारगी यकीन ही नहीं हुआ। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने महिला के साथ दो पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा तो घटना सही निकली।

थानाध्यक्ष ने महिला को हिरासत में लेकर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी होने पर पहुंचा वंशराज बेटे का खून से लथपथ शव देखकर रोने लगा। घटना का कारण पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है। वंशराज ने बताया कि आरती की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी। उसका इलाज चल रहा है। एएसपी (ग्रामीण) त्रिभुवन सिंह व सीओ (सदर) रण विजय सिंह ने पहुंचकर मौका मुआयना किया। वंशराज की तहरीर पर देर शाम मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

जिगर के टुकड़े को मारने वाली आरोपी मां को नहीं था पछतावा

बक्शा थाना क्षेत्र के बशारतपुर गांव निवासी आरोपी मां आरती को अपने कलेजे के टुकड़े की निर्मम हत्या करने का जरा सा भी पछतावा नहीं दिखा। उधर, घटना की चर्चा पूरे गांव में होती रही। एक की ओर से अपने ही मासूम पुत्र की गला काटकर की गई हत्या की खबर जिसने भी सुना दंग रह गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि मामूली कहासुनी के बाद कोई ऐसा कदम भी उठा सकता है। आरोपित आरती ने एएसपी ग्रामीण से पूछताछ उसने बताया कि पति रोज गाली देते थे। इसी से नाराज होकर उसने इस घटना को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो निर्मम घटना को अंजाम देने वाली आरती पहले थाना गेट पर बैठी रही। थाने के अंदर जाकर महिला स्वयं अपने पुत्र की हत्या करने बात बताई तो लोग उसे पागल समझ बैठे। दोबारा यह बात बताने पर पुलिसवाले घटनास्थल पर पहुंचे।

पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाला झगड़ा जघन्य घटना का कारण बन गया

सुजानगंज थाना क्षेत्र के ऊंचगांव निवासी मुन्ना गौतम की पुत्री आरती की पहली शादी बक्शा थाना क्षेत्र के ही नौपेड़वा में हुई थी। अनबन होेने के कारण पति ने उसे छोड़ दिया था। आरती की दूसरी शादी पांच-छह वर्ष पूर्व वंशराज के साथ हुई थी। उसके चार वर्ष की पुत्री महिमा है। पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाला झगड़ा जघन्य घटना का कारण बन गया।-त्रिभुवन सिंह एएसपी (ग्रामीण)

'