Today Breaking News

महेंद्रनाथ पांडेय बोले - सपा-बसपा के सरकारों में गाजीपुर, मऊ में मुख्तार व अफजाल अंसारी जैसे लोगों का राज चलता था

गाजीपुर न्यूज़ टीम, भदोही. केंद्र सरकार में भारी उद्योग मंत्री चंदौली लोकसभा सीट से सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का शुक्रवार को कालीन नगरी में जोरदार स्वागत हुआ। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने इस दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर पहुंच कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सबसे पहले उनका काफिला जिले के चौरी बाजार में पहुंचा। यहां पर केंद्रीय मंत्री का स्वागत जिला भाजपा प्रभारी रमेश मिश्रा ने किया। 

सुरियावा ब्लॉक सभागार में मौजूद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों व बूथ अध्यक्षों को केंद्रीय मंत्री डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडेय ने संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा की उत्तर प्रदेश में बीते साढ़े चार वर्षों में योगी सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रित है। पहले की सरकारों में प्रदेश में गुंडाराज कायम था और उस दौर में उत्तर प्रदेश की जनता काफी ज्यादा त्रस्त थी। 

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सपा-बसपा सरकारों में गाजीपुर, मऊ में जहां मुख्तार अंसारी और अफजाल अंसारी जैसे लोगों का राज चलता था। वहीं प्रयागराज और फूलपुर क्षेत्र में अतीक अहमद जैसे लोगों का आतंक था। लेकिन बीते साढ़े चार वर्षों में प्रदेश में अपराध पर पूरी तरह से लगाम लग चुकी है। मंडल अध्यक्ष व बूथ अध्यक्षों को संबोधित करते हुए डॉ. पांडेय ने कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़े। कार्यक्रम के दौरान भदोही विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने केंद्रीय मंत्री को गदा और कालीन देकर उनका स्वागत किया।

'