Today Breaking News

मुलायम सिंह यादव ने किया ध्वाजरोहण, अखिलेश बोले- यूपी के युवाओं को रोजगार की जरुरत

 गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लम्बे समय बाद लखनऊ लौटे समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिह यादव ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यालय में पार्टी ध्वज फहराया। उनके साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी थे। समाजवादी पार्टी के कार्यालय में इस अवसर पर नेता तथा कार्यकर्ता काफी उत्साह में थे।

देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर सपा के प्रदेश कार्यालय पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होने कहा कि प्रदेश की सरकार ने करीब पांच वर्ष बाद भी अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार की जरूरत है, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। रोज युवा सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं तो पुलिस उनके ऊपर लाठी चला रही है। इसके साथ ही अखिलेश यादव किसान आंदोलन और रोजगार जैसे मुद्दे पर सरकार पर जमकर बरसे। 

किसान आंदोलन पर अखिलेश यादव ने कहा कि देश में किसानों को अपमानित किया जा रहा हैं। बिना किसान के देश कभी खुशहाल नहीं रहा है और ना आगे रहेगा। रोजगार को लेकर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा की इस सरकार में रोजगार नहीं है। देश के युवाओं को रोजगार की जरूरत है। सरकार जिस वादे को लेकर सरकार में आयी है, सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया।

अखिलेश ने कहा कि अपना देश विविधताओं से भरा है, हमारा भारत एक हो और हम सब एक हों। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कुछ लोग देश को बांटना चाहते हैं। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना की की मांग करते हुए कहा कि आज पूरा देश जातीय जनगणना चाहता। उन्होंने आगे कहा की यदि उनकी सरकार बनी तो जातीय जनगणना कराएंगे। सपा अध्यक्ष का कहना था कि उनकी पार्टी सामाजिक सद्भाव के लिए प्रतिबद्ध है। सौहार्द के वातावरण में ही विकास हो सकता है। विकास को गति देने और सामाजिक न्याय के लाभ के लिए जातीय जनगणना होनी चाहिए। इससे समाज के सभी वर्ग के लोगों को उनकी संख्या के अनुरूप हिस्सेदारी तय हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि देश तथा प्रदेश कैसे तरक्की और खुशहाली के रास्ते पर जायेगा समाजवादियों ने करके दिखाया है। सपा ने अच्छी सड़कें, लैपटॉप तथा पुलिस की गाड़ी दी है। आदरणीय नेता जी के बताये गये रास्ते पर चलकर 2022 में हम लोग सरकार बनायेंगे।

'