सोना चांदी का भाव: आज सोना फिर हुआ महँगा, जाने 24 कैरेट गोल्ड का दाम, चांदी की कीमत 66 हजार के पार
गाजीपुर न्यूज़ टीम, नई दिल्ली. वैश्विक संकेतों को देखते हुए घरेलू बाजार में बुधवार को सोने की कीमत में तेजी आई। डॉलर में नरमी से भी पीली धातु की कीमत प्रभावित हुई। बुधवार को एमसीएक्स पर सोना वायदा 0.15 फीसदी यानी 72 रुपये बढ़कर 47,936 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 0.31 फीसदी (210 रुपये) की तेजी के साथ 68,124 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। पीली धातु पिछले साल के उच्चतम स्तर (56200 रुपये प्रति 10 ग्राम) से 8264 रुपये नीचे है।
मिश्रित वैश्विक संकेतों के कारण सोना सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। डेल्टा वैरिएंट के मामले फैलने से बढ़ती चिंताओं ने सोने में गिरावट को सीमित कर दिया है। व्यापारी और निवेशक सतर्क हैं। पिछले सप्ताह भारत में भौतिक सोने की मांग कमजोर रही क्योंकि बढ़ती कीमतों से खुदरा खरीद प्रभावित हुई। पिछले एक महीने में कीमती धातुओं की हाजिर कीमत लगभग सपाट रही है। बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों, असमान वैश्विक आर्थिक सुधार और डॉलर के मुकाबले रुपये में उतार-चढ़ाव से कीमती धातुओं की कीमत प्रभावित होती है।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अनुसार हाजिर बाजार में गुरुवार को उच्चतम शुद्धता वाला सोना 48,017 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि चांदी 67,752 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी।
वैश्विक बाजार में इतनी है कीमत
वैश्विक बाजारों में आज हाजिर सोना 0.2 फीसदी बढ़कर 1,814.27 डॉलर प्रति औंस हो गया। अमेरिकी सोना वायदा 0.1 फीसदी बढ़कर 1,816.00 डॉलर प्रति औंस हो गया। अन्य कीमती धातुओं में चांदी 0.4 फीसदी बढ़कर 25.65 डॉलर प्रति औंस पर रही। पैलेडियम 0.2 फीसदी ऊपर 2,652.99 डॉलर और प्लैटिनम 0.1 फीसदी बढ़कर 1,050.39 डॉलर पर रहा।
अप्रैल-जून तिमाही में 19 फीसदी बढ़ी भारत में सोने की मांग
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल अप्रैल-जून तिमाही में भारत में सोने की मांग 19.2 फीसदी बढ़ी और यह 76.1 टन पर पहुंच गई। पिछले साल महामारी को रोकने के लिए लगाए गए देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से आर्थिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। डब्ल्यूजीसी की रिपोर्ट '2021 की दूसरी तिमाही में सोने की मांग के रुझान' में कहा गया कि कैलेंडर वर्ष 2020 की दूसरी तिमाही में सोने की कुल मांग 63.8 टन थी।
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने की कीमत में मामूली गिरावट आई। मंगलवार सोना 31 रुपये गिरकर 46,891 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में 24 कैरेट सोने का दाम 46,922 रुपये प्रति 10 ग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट और डॉलर के मुकाबले रुपये में आई तेजी से कीमत प्रभावित हुआ।
372 रुपये सस्ती हुई चांदी
चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 372 रुपये की गिरावट आई और इसकी कीमत 66,072 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 66,444 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,810 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 25.34 डॉलर प्रति औंस पर सपाट था।
क्या है स्वर्ण ईटीएफ ?
स्वर्ण ईटीएफ सोने की कीमत पर आधारित होते हैं और उसके दाम में आने वाली घट-बढ़ पर ही इसका दाम भी घटता बढ़ता है। मालूम हो कि ईटीएफ का प्रवाह सोने में कमजोर निवेशक रुचि को दर्शाता है। एक मजबूत डॉलर अन्य मुद्राओं के धारकों के लिए सोने को अधिक महंगा बनाता है।
सोने का सबसे बड़ा आयातक देश है भारत
मालूम हो कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा सोने का आयातक देश है। मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग को पूरा करने के लिए सोने का आयात किया जाता है। मात्रा के हिसाब से भारत सालाना 800 से 900 टन सोने का आयात करता है। अमेरिका और चीन के बाजार में सुधार आने से भारतीय हीरा उद्योग में इस साल 20 फीसदी निर्यात बढ़ने का अनुमान है।
देश की सोने की मांग बीते साल यानी 2020 में 35 फीसदी से अधिक घटकर 446.4 टन रह गई। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। डब्ल्यूजीसी की 2020 की सोने की मांग के रुख पर रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन और बहुमूल्य धातुओं के दाम अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचने के बीच सोने की मांग में गिरावट आई।

