Today Breaking News

भारतीय जनता पार्टी ने बदले पांच जिलाध्यक्ष, विधानसभा चुनाव 2022 में जीत दोहराने के प्रयास में फेरबदल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी फिर से वापसी के प्रयास में है। सीएम योगी आदित्यनाथ जहां सरकार के हर विभाग को मथ रहे हैं, वहीं भाजपा का प्रदेश तथा राष्ट्रीय संगठन भी अपने कील कांटे दुरुस्त करने में लगा है। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा ने पांच जिलाध्यक्षों को बदला है।

भारतीय जनता पार्टी की सरकार तथा संगठन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में जीत दोहराने के लिए कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। शीर्ष नेतृत्व संगठन की भी सतत समीक्षा कर रहा है। इसके साथ ही राज्य संगठन का फोकस भी हर जिले तथा विधानसभा क्षेत्र में हैं। प्रदेश संगठन ने हाल ही में सभी बूथ समितियों का सत्यापन कराया है। इसी तरह पार्टी ने प्रदेश में जिला और महानगरों में भी संगठन को परखा जा रहा है। पार्टी को जहां पर भी कुछ खटक रहा है, वहां पर बदलाव में विलम्ब भी नहीं किया जा रहा है।

भाजपा उत्तर प्रदेश ने इसी क्रम में सोमवार को विभिन्न कारणों से ढीले पड़ रहे पांच जिलों के अध्यक्ष को ही बदल दिया। पार्टी ने अब महेश मिश्रा ओम को श्रावस्ती, शशांक कुशमेश को बाराबंकी, अवधेश कटियार को उन्नाव, राजीव गुप्ता को बदायूं और जगदम्बा श्रीवास्तव को संतकबीरनगर का जिलाध्यक्ष बनाया है। भाजपा उत्तर ने बदलाव में अवध, ब्रज व गोरखपुर क्षेत्र को शामिल किया है। पार्टी प्रदेश में 2022 के शुरुआत में अन्य राज्यों के साथ विधानसभा चुनाव होने की संभावना को देखते हुए हर मोर्चे को संभाला है।

अवध के श्रावस्ती जिले के अध्यक्ष का पद महेश मिश्रा को दिया गया है। अवध क्षेत्र के ही बाराबंकी जिले की कमान शशांक को दी गई है। इसी क्षेत्र के जिले उन्नाव का जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार को बनाया गया है। ब्रज क्षेत्र के बदायूं में राजीव गुप्ता को जिला अध्यक्ष बनाया गया। गोरखपुर क्षेत्र के संतकबीरनगर की कमान जगदम्बा श्रीवास्तव को दी गई है।

'