Today Breaking News

करीमुद्दीनपुर में पत्थर मारने के विवाद में वृद्ध की हत्या, पुत्र गंभीर - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया ग्रामसभा के वीरभानपुर में बुधवार की रात घर में पत्थर फेंकने के विवाद में लाठी-डंडे से पीट-पीटकर पट्टीदारों ने मुसाफिर राम (69) की हत्या कर दी, वहीं पुत्र विसर्जन व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक के भतीजे जीउत राम की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं।

मिश्रवलिया में अजय राम और मुसाफिर के घर में कुछ दिनों से पत्थर फेंका जा रहा था। बुधवार की देर शाम अजय घर आ रहे थे तो देखा कि उसके पट्टीदार सुरेंद्र राम बोरी में पत्थर लेकर जा रहा था। इस पर उन्होंने रोका और पूछताछ करने लगे। इसे लेकर विवाद गाली-गलौज के साथ मारपीट में तक पहुंच गया। इस पर दोनों पक्ष के दर्जनों की संख्या में लोग जुट गए। 

सुरेंद्र के पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से प्रहार कर विसर्जन राम, आशा देवी और मुसाफिर राम को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी गोड़उर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुसाफिर की रास्ते में ही मौत हो गई, वहीं आशा देवी व विसर्जन राम को चिकित्सकों ने वाराणसी भेज दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। क्षेत्राधिकारी रविद्रनाथ वर्मा व थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह दलबल के साथ मौके पर जमे रहे। 

स्वजनों को रो-रोकर हाल बेहाल

मुसाफिर राम के दो लड़के विसर्जन और सरोज हैं और एक लड़की गुड़िया हैं जिसका विवाह हो चुका है। पत्नी गायत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की तरफ जीउत राम ने सुरेंद्र, संजय, पिटू, महेंद्र, राहुल, अनिल, छोटू व रामलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरे तरफ से विसर्जन राम, सरोज राम, अजय राम, हरि, विनोद राम, मनोज राम, रामविलास, शिवमोहन व भगवान राम के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज है।

चल रही थी पुरानी रंजिश

दोनों पक्षों में एक खड़ंजे के निर्माण को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। मृतक का परिवार उस खड़ंजे को सीधा करना चाह रहा था, जिसका विरोध आरोपित का परिवार कर रहा था। कुछ दिनों पहले इस मामले को लेकर दोनों पक्षों में विवाद भी चल रहा था। इसमें पुलिस ने हस्तक्षेप कर सुलह भी करा दिया था पर पत्थर फेंकने की घटना ने विवाद का बड़ा रूप ले लिया। -दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआइआर दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।- रविद्रनाथ वर्मा, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद।

'