UP Lekhpal Bharti 2021: अगले महीने होगी लेखपाल भर्ती परीक्षा, पूछे जा सकते हैं 12वीं के स्तर के प्रश्न, जानिए सिलेबस
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. UP Lekhpal Bharti 2021: उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 7882 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं अगले महीने होनी हैं। UPSSSC द्वारा आयोजित की जाने वाली इस भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जल्द ही जारी किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 7882 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अगले महीने होनी है। राज्य में लेखपाल भर्ती प्रक्रिया का आयोजन अब उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा किया जा रहा है। UPSSSC के एग्जाम कैलेंडर के मुताबिक लेखपाल के 7882 पदों के लिए परीक्षा नवंबर महीने में आयोजित की जानी है।
हालांकि, इस भर्ती के लिए अभी तक नोटिफिकेशन नहीं जारी किया गया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) के परिणामों की घोषणा के बाद इस भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी करके आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। लेखपाल भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का PET में उतीर्ण होना आवश्यक है।
किस पैटर्न पर पूछे जा सकते हैं प्रश्न
लेखपाल भर्ती में किस पैटर्न पर और किस सिलेबस के हिसाब से प्रश्न पूछे जाएंगे, इसकी पूरी जानकारी तो नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही सामने आ पाएगी। हालांकि, अब परीक्षा में ज्यादा दिन का समय नहीं बचा है, इसलिए इस बात की उम्मीद कम ही है कि इस परीक्षा के पुराने एग्जाम पैटर्न और सिलेबस में बदलाव होगा।
पुराने एग्जाम पैटर्न के आधार पर यह उम्मीद लगाई जा रही है कि लेखपाल की परीक्षा में अभ्यर्थियों से 100 अंक के 100 प्रश्न पूछे जा सकते हैं। अभ्यर्थियों से पिछली लेखपाल परीक्षाओं के तर्ज पर सामान्य हिंदी, गणित, सामान्य ज्ञान तथा ग्राम समाज एवं विकास जैसे टॉपिक्स से प्रश्न पूछे जा सकते हैं। अभ्यर्थियों से इन चारों विषयों से 25-25 अंक के 25 प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
क्या होगा प्रश्नों का डिफिकल्टी लेवल
लेखपाल की पिछली भर्ती में अभ्यर्थियों से बारहवीं के स्तर के प्रश्न पूछे गए थे, इसलिए इस बार भी अभ्यर्थियों से इसी स्तर के प्रश्न पूछे जा सकते हैं। साथ ही लेखपाल भर्ती में शामिल होने के लिए आवश्यक योग्यता के रूप में 12वीं पास होना मांगा जाता है। इसलिए, इस परीक्षा में 12वीं के स्तर के प्रश्न पूछे जाने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, इसके बारे में विस्तृत जानकारी नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही सामने आ पाएगी। अभ्यर्थियों को नोटिफिकेशन से संबंधित सूचनाओं के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।