Today Breaking News

प्रियंका गांधी रिहा की गईं, राहुल गांधी के साथ जायेंगी लखीमपुर, योगी सरकार ने दे दी है इजाजत

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने की इजाजत मिल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अफसरों की हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। राहुल गांधी पांच लोगों के साथ लखीमपुर में दो पीड़ित परिवारों से मिलेंगे। राहुल गांधी दिल्‍ली से हवाई मार्ग से लखनऊ पहुंच रहे हैं। वहीं सीतापुर गेस्‍ट हाउस में बनी अस्‍थाई जेल से प्रियंका गांधी को रिहा कर दिया गया है। वह राहुल गांधी के साथ लखीमपुर जाएंगी। 

प्रियंका को चार अक्‍टूबर को तड़के साढ़े चार बजे सीतापुर के हरगांव से उस वक्‍त गिरफ्तार किया गया था जब वह लखीमपुर जाने की कोशिश कर रही थीं। कल राहुल के लखीमपुर जाने के ऐलान के बाद से ही यूपी का सियासी पारा चढ़ा हुआ था। राज्‍य सरकार ने राहुल गांधी को लखीमपुर या सीतापुर जाने की इजाजत नहीं दी थी। 

लखनऊ में पुलिस कमिश्‍नर डी.के.ठाकुर ने बताया कि राहुल को लखीमपुर या सीतापुर न आने देने के लिए वहां के प्रशासन ने अनुरोध किया। उत्‍तर प्रदेश शासन ने दिल्‍ली हवाई अड्डा के अधिकारियों से भी राहुल को रोकने का अनुरोध किया था। उधर, दिल्‍ली में राहुल गांधी ने आज सुबह एक प्रेस कांफ्रेस कर सरकार पर तानाशाही और किसानों को कुचलने का आरोप लगाया और लखनऊ के लिए फ्लाइट पकड़ने को हवाई अड्डा पहुंच गए।

हवाई अड्डे पर पहले तो सीआईएसएफ ने उन्‍हें रोका लेकिन फिर हवाई अड्डा अर्थारिटी के अधिकारियों को बोर्ड‍िंग पास दिखाते हुए कांग्रेस नेताओं ने विरोध जताया तो उन्‍हें इजाजत मिल गई। राहुल फ्लाइट से लखनऊ के लिए रवाना हुए। वहां एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक रखा था। आशंका थी कि राहुल को एयरपोर्ट पर रोक लिया जाएगा। शायद उन्‍हें भी प्रियंका गांधी की तरह गिरफ्तार कर लिया जाएगा लेकिन इसी बीच खबर आई कि मुख्‍यमंत्री की अध्‍यक्षता में हुई उच्‍चाधिकारियों की एक बैठक के बाद राहुल और प्रियंका को लखीमपुर जाने देने का निर्णय लिया गया है। 


 
 '