Today Breaking News

बराती बनी पुलिस, घर से भागे प्रेमी युगल की थाने में हुई शादी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, सहारनपुर. सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना स्थित एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी पुत्री घर से कहीं चली गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लड़की की तलाश की तो वह अपने प्रेमी के पास मिली। लड़का-लड़की ने पुलिस को बताया कि वह बालिग हैं और शादी करना चाहते हैं। पुलिस ने इलाके के जिम्मेदार लोगों और परिजनों की सहमति के आधार पर दोनों की शादी थाने में ही करा दी।

ये था पूरा मामला

बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि क्षेत्र गांव अब्दुल्लापुर निवासी एक व्यक्ति ने उसकी पुत्री मीनाक्षी के घर चले जाने की सूचना दी थी। सूचना के बाद पुलिस ने क्षेत्र के गांव रहीमपुर निवासी सूरज पुत्र राजेन्द्र के घर से मीनाक्षी को बरामद कर लिया। दोनों को पुलिस टीम थाने लेकर पहुंची। पूछताछ में लड़का-लड़की ने खुद को बालिग बताते हुए अपने दस्तावेज दिखाए और शादी की इच्छा जताई।

परिजनों की सहमति और जिम्मेदार लोगों की उपस्थिति में हुई शादी

दोनों के परिजन भी जानकारी मिलने पर थाने पहुंच गए। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति और क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों की उपस्थिति में प्रेमी युगल का थाना परिसर में ही विवाह करा दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़का-लड़की एक ही समाज के थे। दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने की कसम खाई थी। दोनों के परिवारों की सहमति के बाद ही विवाह कराया गया है।

लड़की के पिता ने नहीं दिया आशीर्वाद

बिहारीगढ़ थाने में ही मौजूद लड़की के पिता ने विवाह पर सहमति तो जताई, लेकिन वरमाला पर उसने अपना आशीर्वाद नहीं दिया। बिहारीगढ़ थाने में प्रेमी युगल की हुई शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

'