Today Breaking News

जवान दीपक सिंह यादव का शव पहुंचते ही मचा कोहराम, पिता ने दी मुखाग्नि - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कश्मीर के सतवारी में तैनात दीपक सिंह यादव (31) का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से बुधवार को घर पहुंचा। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नौली ग्राम सभा के भिटुका गांव निवासी दीपक का शव एंबुलेंस से लाया गया। उनके यूनिट के नायब सूबेदार गामा सिंह यादव एवं लांसनायक प्रमोद सिंह शव लेकर पहुंचे तो स्वजन में कोहराम मच गया। 

तिरंगे में लिपटा शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। दो सप्ताह से दीपक का इलाज सैन्य अस्पताल में चल रहा था। गत 15 नवंबर को उनका निधन हो गया था।

सैनिक के पार्थिव शरीर पहुंचने की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस, क्षेत्रीय एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अन्य लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सैनिक को 39 जीटीसी के सूबेदार डीपी थापा ने सेंट्रल कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल योगेन्द्र दिमारी की तरफ से पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी। इसके बाद जमानियां स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके वृद्ध पिता उदय नारायण सिंह यादव दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

2009 में भर्ती हुए थे दीपक

मृत सैनिक के यूनिट से आए नायब सूबेदार गामा सिंह यादव ने बताया कि दीपक वर्ष 2009 में सेना में भर्ती हुए थे। वह काफी मिलनसार स्वभाव के थे। करीब दो हफ्ते पूर्व से उनकी तबियत खराब होने से उनका इलाज सैन्य अस्पताल में चल रहा था। दीपक की पत्नी ज्योति, उनकी पुत्री देविका यादव एवं पुत्र प्रांजल यादव सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। 

माता संतरा देवी एवं पिता उदय नारायण सिंह यादव बेसुध पड़े थे। घर के लोगों के मुताबिक तीन भाइयों में सबसे बड़े दीपक ने जनवरी में घर आने की बात कही थी। अन्य दो भाई घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम देखते हैं।

'