Today Breaking News

कंगना रनौत मनबढ़ महिला, रासुका में बंद करें सरकार, बलिया में बोले भाजपा के पूर्व विधायक

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बलिया. भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने कहा कि कंगना एक मनबढ़ महिला है। सरकार को चाहिए कि इन्हे रासुका में बंद करे। आजादी की लड़ाई में लाखों लोगों ने गोली खाई है किंतु कंगना अभी तक 144 धारा भी नहीं तोड सकीं। कहा कि किसान आंदोलन शुरू होने के 30 दिन के भीतर यदि किसान बिल वापस ले लिया गया तो सात सौ किसानों की जान नहीं जाती। सात सौ लोगो की जिंदगी और सात सौ परिवार उजड़ने के बाद यह फैसला एक तरफ खुशी तो दूसरी तरफ लेट लतीफी का है। सरकार को किसानों की सभी मांगे एमएसपी, मुकदमा वापसी, बिजली की मान लेनी चाहिए।

पूर्व विधायक सोमवार को देर शाम नगरा में प्रेस वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह किसान आंदोलन दुनिया का सबसे बड़ा आंदोलन था। जो एक जगह पर बैठकर, अहिंसा के बल पर सत्याग्रह हो रहा था। इसको समझने में सरकार को चुक हुई है। इसमें सुधार होना चाहिए। आज पूर्वी यूपी और बिहार में जो किसान की माली हालत है, लड़के समझ नहीं पा रहे है। 

एक तो यहां जमीनों की कमी है, दूसरे यहां के आबादी का घनत्व सबसे ज्यादा है और कृषि के उपज के समय ही सारी नदियां इसी रास्ते से गंगा सागर में जाकर गिरती है।  कहे कि सरकार को पूर्वी यूपी को विशेष पैकेज देना चाहिए।  सरकार यदि किसानों को 25 हजार रुपये प्रति बीघा मुआवजा देती तो जो वातावरण बना हुआ है, उसमे बदलाव दिखाई देता। 

साथ ही महंगाई से भी राहत मिलती। आम आदमी महंगाई से त्रस्त हो चुका है। ये कल्पना भी नहीं किया जा सकता था कि पेट्रोल सौ रुपए लीटर बिकेगा। सरकार बढ़ते हुए महंगाई पर पहले ध्यान नहीं दी, जबकि उत्पादन शुक्ल कई बार बढ़ाया जा चुका था। छड़, सीमेंट, सरिया, मोरम, कपड़ा, तेल हर चीज का दाम आसमान छू रहा है। फरवरी से लेकर जुलाई तक 36 फीसद भाव केवल कपड़ा का बढ़ा है।

'