Today Breaking News

यूपी पुलिस के वाहनों की अब स्टेयरिंग संभालेंगी महिला होमगार्ड, शुरू होगी ट्रेनिंग; भत्ता भी मिलेगा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. महिलाएं किसी से कमजोर या पीछे नहीं। इसी सूत्र वाक्य को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस नई पहल करने जा रही है। नारी सशक्तिकरण के तहत अब महिला होमगार्ड भी बड़ा कदम बढ़ाने वाली हैं और जल्द वह आपको पुलिस वाहन की चालक सीट पर स्टेयरिंग संभाले भी नजर आएंगी। होमगार्ड विभाग ने इसकी ठोस योजना बनाई है। 

जिसके तहत पहले चरण में लगभग 130 महिला होमगार्ड का एक दिसंबर से चौपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण आरंभ होगा। एक माह के विशेष प्रशिक्षण के दौरान उनका लर्निंग लाइसेंस भी बनवाया जाएगा। महिला होमगार्ड को प्रशिक्षण के दौरान हर दिन का ड्यूटी भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग ने शासन की नारी सशक्तिकरण योजना के तहत अहम निर्णय किया है। महिला होमगार्ड को सशक्त बनाने के लिए उन्हें चौपहिया वाहन चलाने का एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। होमगार्ड मुख्यालय में मंगलवार को राज्यमंत्री पलटूराम व अपर मुख्य सचिव अनिल कुमार की मौजूदगी में समीक्षा बैठक में इसे लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि वाहन चलाने में निपुण होने से महिला होमगार्ड का न सिर्फ मनोबल बढ़ेगा, बल्कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी। डिप्टी कमांडेंट जनरल, प्रशिक्षण विवेक कुमार सिंह ने बताया कि विभाग में लगभग चार हजार महिला होमगार्ड हैं। इनमें इच्छुक महिला होमगार्ड को चौपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिलाए जाने की योजना है। अब तक करीब 150 महिला होमगार्ड प्रशिक्षण हासिल करने के लिए आगे आ चुकी हैं।

पहले चरण में 12 मंडलीय प्रशिक्षण केंद्रों पर लगभग 130 महिला होमगार्ड का प्रशिक्षण होगा। इसके लिए निजी वाहन प्रशिक्षण केंद्रों की भी मदद ली जा रही है। यूपी 112 का भी सहयोग लिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद निपुण महिला होमगार्ड चालक को यूपी 112 की पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हेकिल) में ड्यूटी भी दिलाई जाएगी।

'