उत्तर प्रदेश में 12 दिसंबर से मिलेगा मुफ्त राशन, जानें- इस महाअभियान में क्या देगी सरकार
गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 12 दिसंबर से राशन वितरण महाअभियान की शुरुआत होगी। राज्य सरकार इस अभियान के तहत 15 करोड़ से अधिक राशन कार्ड धारकों को मार्च तक दोगुना मुफ्त राशन देगी। देश में अब तक का यह सबसे बड़ा राशन वितरण अभियान है। योजना का सीधा लाभ अंत्योदय और पात्र घरेलू राशन कार्ड धारकों को मिलेगा। गरीबों, मजदूरों और किसानों को बड़ा सहारा देने के लिए शुरू हो रहे इस अभियान की निगरानी अधिकारियों के साथ-साथ सांसद व विधायक भी करेंगे। राशन वितरण की तैयारी पूरी कर ली गई है।
कोरोना महामारी में शुरू की गई प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना नवंबर में खत्म हो रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की ओर से होली तक मुफ्त राशन वितरण की घोषणा की थी। इसके बाद से यूपी के पात्र राशन कार्ड धारकों को हर महीने 10 किलो राशन मुफ्त दिया जा रहा है। उधर, केंद्र ने भी अब प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को मार्च, 2022 तक बढ़ा दिया है। यूपी सरकार राशन कार्ड धारकों को महीने में दो बार गेहूं व चावल मुफ्त दे रही है। राशन दुकानों से दाल, खाद्य तेल और नमक भी मुफ्त दिया जा रहा है। 80 हजार कोटेदारों के माध्यम से राशन वितरण अभियान को हर गरीब तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में अंत्योदय अन्न योजना के अंतर्गत अनुमानित लाभार्थियों की संख्या 1.30 करोड़ से अधिक और पात्र परिवारों मे कार्ड-धारकों की संख्या लगभग 13.41 करोड़ से अधिक है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के चौथे चरण के तहत मुफ्त अनाज का वितरण प्रदेश में जारी है। अप्रैल 2020 में कोविड 19 महामारी की पहली लहर आने के बाद अब से अब तक प्रदेश में पात्र परिवारों में 128 लाख मीट्रिक टन मुफ्त खाद्यान्न का वितरण हो चुका है।
एक महीने में दो बार अनाज, खाद्य तेल व नमक : उत्तर प्रदेश में गरीब व वंचित वर्ग के लगभग 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का दोहरा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व में ही अगले वर्ष होली तक मुफ्त राशन का वितरण किए जाने का निर्देश दे चुके हैं। अब केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को मार्च 2022 तक बढ़ाए जाने का निर्णय किया है। जिसके बाद गरीब व वंचित वर्ग को अनाज के अलावा खाद्य तेल व नमक भी एक महीने में दो बार मिलेगा। लाभार्थी परिवारों को एक महीने में 10 किलोग्राम अनाज मुफ्त मिलेगा, जिसमें गेहूं व चावल शामिल है। बल्कि दाल, खाद्य तेल व नामक भी अब मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा।