Today Breaking News

दस मार्च के बाद श्रीकृष्ण के नहीं, नेता जी काे आएंगे हार के सपने - उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा

गाजीपुर न्यूज़ टीम, बरेली. उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश के एक बड़े नेता को अभी भगवान श्रीकृष्ण के सपने आते हैं। दस मार्च के बाद उन्हें हार के सपने आएंगे। उन्होंने कहा कि जनता सपा, बसपा, कांग्रेस इन सभी की असलियत जनता समझ चुकी है। अब इनके झांसे में आने वाली नहीं है। गांवों में विपक्ष की खाट खड़ी हो गई है।

डा. दिनेश शर्मा रविवार को मीरानपुर कटरा के खंडसार में रामचंद्र सिंह इंटर कालेज व तिलहर के द रेनेंसा एकेडमी स्कूल में प्रभावी मतदाता सम्मेलन में बोले रहे थे। उन्होंने सपा का नाम लिए बिना कहा कि परिवार का मतलब होता है जहां सब एक दूसरे के लिए प्रति समर्पित हों। जबकि उनके यहां परिवार नहीं बाजार की व्यवस्था है। टिकट से लेकर सब कुछ बिकाऊ है। देश में राजनीति की शुचिता, मापदंड बदल रहे हैं।

भाजपा में आशा की किरण दिखाई दे रही है, लेकिन कुछ लोग प्रधानमंत्री मोदी से प्रेरणा लेने की बजाय उनके जीवन मरण का विश्लेषण कर रहे हैं। अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। एक नेता ने मोदी ने मौत का सौदागर बताया। दूसरे ने हत्यारा कह दिया, लेकिन प्रधानमंत्री व भाजपा के नेता कुछ नहीं बोले। जवाब 2017 व 2019 में जनता ने दिया। बोले एकदल के युवराज कोरोना वैक्सीन को मोदी की वैक्सीन बता देते हैं।

जबकि उनके पिता उस वैक्सीन को लगवा लेते हैं। काशी कारिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि यह सब दर्शाता है कि देश में भारतीय संस्कृति का पुर्नजागरण अभियान अपने चरम बिंदु पर पहुंच गया है। दूसरी सरकारें उद्योगपतियों को डराती थीं। भाजपा सरकार उद्योग लगाने का काम कर रही हैं। बोले पहले प्रदेश में तमंचे बनाए जाते थे। अब मिसाइल बनेंगी। कहा विपक्षी दल मिलकर भी सौ का आंकड़ा पूरा नहीं कर पाएंगे।

मांगी वोट की दक्षिणा

उप मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम व काकोरी के बलिदानियों को याद किया। अपने लिए कहा कि वह अध्यापक भी हैं और पंडित भी। इसलिए दक्षिणा मांग सकते हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपने व पड़ोसी के वोट की दक्षिणा देने को कहा।

डोर टू डोर मांगे लाेगों से वाेट

इससे पहले डा. दिनेश शर्मा ने बसपा के विधानसभा प्रभारी रूम सिंह यादव, जिला पंचायत सदस्य कुंवरसेन गंगवार के अतिरिक्त नेत्रपाल गंगवार, अनूप कश्यप, सर्वेश मिश्र आदि को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। ग्राम प्रधान प्रमिला यादव से उनके आवास पर मिले। पार्टी प्रत्याशी वीर विक्रम सिंह के लिए वोट मांगे। इस दौरान राजीव कश्यप, सत्यभान सिंह, सचिन गुप्ता, नेत्रपाल गंगवार, सगीर खां, इस्माइल खां, सर्वेश मिश्र, बृज बिहारी मिश्र आदि मौजूद रहे।

तिलहर में नगर के मुहल्ला नई बस्ती में डोर टू डोर जनसंपर्क किया। लोगों से उनका हाल पूछा। भाजपा प्रत्याशी सलोना कुशवाहा को विजयी बनाने की अपील भी की। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष राजीव राठौर, सुशील बाबू गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, संजय पाठक, अशोक अग्रवाल, अरुण यादव चैनू, राजीव कश्यप सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

'