Today Breaking News

डीएम ने बताई चुनाव में कानून व्यवस्था की प्राथमिकता - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कवायद जारी है। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के साथ कानून व्यवस्था भी प्रशासन की प्राथमिकता पर है। जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने रायफल क्लब के सभागार में सोमवार को बैठक में चुनाव आयोग की गाइडलाइन पर फोकस किया। जिलाधिकारी ने सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कार्य को करने का निर्देश दिया। छोटी से छोटी बात को भी गंभीरता से लेने का निर्देश दिया।

सोमवार को रायफल क्लब सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एमपी सिंह ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी पार्टी के लिए पक्ष या विपक्ष में नहीं बोलना है। ना ही कोई कमेंट करना है। यह महसूस होना चाहिए कि आप निष्पक्ष कार्य कर रहे हैं। चुनाव के दौरान लॉ एंड ऑर्डर का पालन अवश्य करना है, इसके लिए आप सभी को मजिस्ट्रेट का पावर दिया गया है। सभी अधिकारी पहले से ही अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर लें। 

इससे वहां पहुंचने में कोई कठिनाई ना हो। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों के बीएलओ के नाम व मोबाइल नंबर अवश्य रखें। इससे आवश्यकता पड़ने पर उसका सदुपयोग हो सके। पूरे निर्वाचन की प्रक्रिया में सेक्टर मजिस्ट्रेट का महत्वपूर्ण कार्य होता है। निर्वाचन प्रकिया को सम्पादित करने के लिए निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न हो। इस के लिए आप का पद सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। कोई ऐसी भाषा का प्रयोग नहीं करेंगे, जिससे आपकी निष्पक्षता उजागर हो। 

भारत निर्वाचन आयोग के सभी आदेशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए कार्य करें। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों के कार्य के विषय में जानकारी होनी चाहिए। इसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से जारी बुकलेट का अध्ययन अवश्यक कर लिया जाय। ईवीएम के आपरेशन के विषय में जानकारी रखनी होगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बूथों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की निर्धारित शीट पर रिपोर्ट दो दिन के अंदर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।