Today Breaking News

अखिलेश यादव पर खूब बरसे गिरिराज सिंह, राहुल गांधी को बताया फर्जी

गाजीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री गिरीराज सिंह का कहना है कि यूपी के चुनाव में इस बार भारतवंशी अपने वोट की ताकत दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व भारत की आत्मा है जिसे समझने में राहुल गांधी और अखिलेश यादव को कई जन्म लगेंगे। पाकिस्तान में बैठे लोग और ओवैसी जैसे लोगों की मंशा कभी पूरी नहीं होगी। 

रविवार को इंदिरापुरम के आदित्य मॉल के बाहर भाजपा के साहिबाबाद प्रत्याशी सुनील शर्मा के समर्थन में हुई जनसभा को संबोधित करने आए गिरीराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी नकली गांधी हैं। महात्मा गांधी के सपने को बीजेपी और योगी सरकार पूरा करने में जुटी है। इसके अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रदेश सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाने पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अखबारों में विज्ञापन देकर अपने विकास के कार्य गिनाए हैं यदि अखिलेश यादव को आपत्ति है तो सरकार और मुख्यमंत्री के ऊपर केस करें। 

गिरीराज सिंह ने अखिलेश के एक हालिया बयान के बारे में बोलते हुए कहा कि एक्सप्रेस वे, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन, बिजली और किसानों को हुए लाभ पर उन्हें आपत्ति है तो चुनौती दें। सरकार ने हर घर नल योजना दी है, प्रदेश से माफिया का सफाया किया है। प्रधानमंत्री मोदी सपना भी भारत के विकास का देखते हैं। यूपीए के दस साल विवादों में रहे वहीं मोदी सरकार लगातार आठ साल से देश की तरक्की के बारे में सोच रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब हम हथियार बेचने वाला देश हैं, यह पहली बार हुआ है। इच्छाशक्ति की कमी के चलते पहले ऐसा नहीं हुआ था। सौर उर्जा में भारत अब एक ताकत है।

कार्बन उत्सर्जन के खिलाफ भारत की लड़ाई है। आतंकवाद पर भारत पूरी दुनिया मे नेतृत्व कर रहा है। कोरोना मैनेजमेंट में पूरी दुनिया ने मोदी के प्रबंधन को स्वीकारा है। सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन भी हमारे देश में किया गया है। अखिलेश यादव पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि बबुआ पहले इसे भाजपा का वैक्सीन बता रहे थे। उन्होंने भी अपने पिताजी को यही वैक्सीन लगवाया है। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी सभा को संबोधित किया। भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने क्षेत्र में सबसे ज्यादा विकास कार्य होने का दावा करते हुए कहा कि जनता अब उन्हें आर्शीवाद देगी। सभा का संचालन पार्षद अभिनव जैन ने किया।

'