Today Breaking News

सपा प्रत्याशी पर मुकदमा दर्ज, चुनाव आयोग ने दर्ज कराया FIR - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के सैदपुर थाने में गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय में सपा प्रत्याशी का स्वागत समारोह कराए जाने को लेकर, उड़नदस्ता टीम एक के मजिस्ट्रेट धनेश्वर राम द्वारा सैदपुर विधानसभा से सपा प्रत्याशी अंकित भारती और नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि पूर्व चेयरमैन शशि सोनकर पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा पंजीकृत कराया गया।

सैदपुर विधानसभा में सैदपुर नगर पंचायत कार्यालय के अंदर बीते बुधवार को विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी का स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। जिसकी खबर घटना के कुछ देर बाद ही गाजीपुर न्यूज़ ने प्रमुखता से उठाई थी। खबर के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। 

खबर देखते ही ऑब्जर्वर समेत आला अफसरों ने मामले का संज्ञान ले लिया और उपजिलाधिकारी सैदपुर को जांच कर मुकदमा पंजीकृत कराने का आदेश दिया। जिलाधिकारी के आदेश पर गुरुवार को एफएसटी टीम फर्स्ट के मजिस्ट्रेट धनेश्वर राम के नेतृत्व में थानाध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, नायब तहसीलदार राहुल कुमार सिंह आदि नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। 

जहां उन्होंने अधिशासी अधिकारी आशुतोष मिश्र सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारियों से मामले में उनका बयान लिया। साथ ही नगर पंचायत कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे की भी पड़ताल किया। जिसके बाद उड़नदस्ता अधिकारी धनेश्वर राम द्वारा धारा 171 एच अंतर्गत सैदपुर थाने में सपा प्रत्याशी अंकित भारती और पूर्व चेयरमैन शशि सोनकर पर मुकदमा पंजीकृत कराया गया।