Today Breaking News

प्रियंका गांधी लड़की नहीं, आंटी हैं...डिप्टी सीएम केशव मौर्य के अजब बोल

गाजीपुर न्यूज़ टीम, रायबरेली. यूपी विधानसभा चुनाव में नेताओं के विवादित बयानों की बाढ़ सी आ गई है। जैसे-जैसे चुनाव अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे नेताओं के बोल बिगड़ रहे हैं। एक-दूसरे पर तेजी से व्यक्तिगत हमले शुरू हो गए हैं। 

शुक्रवार को कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में यूपी के डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने प्रियंका गांधी पर पूछे गए सवाल पर कह दिया कि वह लड़की नहीं आंटी हैं। यही नहीं कांग्रेस के नारे लड़की हूं लड़ सकती हूं पर पूछे गए सवाल पर भी वह ठहाका लगाते हुए निकल गए। 

केशव प्रसाद मौर्य ऊंचाहार विधानसभा के गौरा ब्लॉक के खेल मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी अमर पाल मौर्य के पक्ष में वोट करने की अपील की। इस दौरान सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। 

कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए केशव ने कहा कि यह कांग्रेस का गढ़ कभी हुआ करता था, अब बीजेपी सरकार में भगवा हो चुका है। 2022 में यहां से छक्का लगने वाला है। छह की छह सीटों पर बीजेपी अपना कमल खिलाने वाली है। दो चरण के चुनाव के बाद सपा की बत्ती गुल हो गई है।

सभा के बाद जब केशव मौर्य से पूछा गया कि प्रियंका गांधी कहती हैं लड़की हूं लड़ सकती हूं, इसके बारे में क्या कहेंगे। केशव ने कहा कि वह लड़की नहीं, आंटी हैं, लोग ऐसा कहते हैं। यही नहीं ठहाके लगाते हुए वह निकल गए।   

सपा पर निशाना, बोले-सबसे पहले गुंडों का सफाया होगा

केशव ने कहा कि सपा 400 में 40 सीटों पर सिमट गई है। लिस्ट बनाकर रख लो 10 तारीख के बाद ऊंचाहार में दूर-दूर तक लाल टोपी वाले नहीं दिखाई देंगे। केशव ने सपा प्रत्याशी ऊंचाहार मनोज पांडेय पर भी निशाना साधा।

केशव ने कहा कि पिछले 10 सालों में ऊंचाहार की जनता को लूटने का काम किया है। बीजेपी प्रत्याशी अमरपाल मौर्य के जीतने के बाद बीजेपी सबसे पहले 10 बुलडोजर ऊंचाहार में भेजने का काम करेगी। जिस तरीके से ऊंचाहार में गुंडाराज कायम है बीजेपी प्रत्याशी अमरपाल के जीतते ही सबसे पहले गुंडों का सफाया किया जाएगा।

ऊंचाहार से गुंडों का सफाया करने में 1 मिनट का समय नहीं लगेगा। केशव ने जनता से कहा कि कर्ज मांगने आया हूं। ऊंचाहार की जनता सम्मान चाहती है 10 तारीख के बाद ऊंचाहार की जनता का उसका खोया सम्मान दिलाने का काम बीजेपी प्रत्याशी अमरपाल करेंगे।

'