Today Breaking News

कुएं में मिला किशोरी और युवक का शव, कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर - Ghazipur News

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नंदगंज शहर कोतवाली के लंगड़पुर में युवक व नंदगंज थाना क्षेत्र के कुराह गांव के कुएं में किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि किशोरी मानसिक रूप से बीमार थी और अक्सर घर से गायब हो जाती थी।

शहर कोतवाली के लंगड़पुर निवासी सोनू कुमार (25) मजदूरी करता था। तीन दिन पूर्व सुबह वह घर से काम पर निकला, लेकिन शाम को घर नहीं लौटा। स्वजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन अता-पता नहीं चला। बुधवार की सुबह गांव के कुछ लोग सिवान की तरफ गए, तो देखा कि कुएं में शव उतराया हुआ है। पुलिस के सहयोग से शव को बाहर निकाला गया, तो उसकी पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई। 

सोनू का शव देखकर उसकी पत्नी नीशा का रो-रोकर बुरा हाल था। सोनू का एक तीन माह का पुत्र भी है। घटना को लेकर पूरे गांव कोहराम मच गया। सोनू की गृहस्थी एकदम कच्ची है। तीन माह के बच्चे को गोद में लेकर विलखती उसकी पत्नी को देखकर सभी के आंखें नम हो जा रही थी। सोनू कुएं तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी है।

इधर नंदगंज थाना क्षेत्र के कुराह निवासी सुरेमन बिद ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री खुशी बिद मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। वह अक्सर घर से गायब हो जाती थी और दो-तीन बाद लौट आती थी। दो दिन पूर्व भी वह गायब हुई थी। स्वजन खोजबीन किए, लेकिन जानकारी नहीं हो सकी। इसी बीच बुधवार की दोपहर ग्रामीणों की नजर कुएं में पड़े किशोरी के शव पर पड़ी, इससे सनसनी फैल गई। सूचना पर सुरेमन भी पहुंच गए और अपनी पुत्री की शिनाख्त की। मृतका के पिता ने तहरीर देकर पुलिस को बताया है कि उसकी पुत्री मानसिक रूप से बीमार थी। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खुशी मानसिक रूप से बीमार थी और अक्सर घर से गायब हो जाती थी।

'