Today Breaking News

चलती ट्रेन से गर्भवती पत्नी को धक्‍का देकर पति फरार, सरयू एक्सप्रेस में हुई वारदात

गाजीपुर न्यूज़ टीम, गोंडा. अयोध्या से मनकापुर जा रही सरयू एक्सप्रेस से सफर कर रहे पति ने गर्भवती पत्नी को रविवार की आधी रात में कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन के नीचे धकेल दिया। महिला ट्रैक के किनारे साढ़े चार घंटे तक पड़ी रही। बाद में उसे रेलवे के मेट महेश ने उसे अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अयोध्या के खजुराहट नेवलीपुरवा निवासी ज्ञानचंद्र शर्मा अपनी पत्नी नेहा शर्मा के साथ लुधियाना से ट्रेन से फैजाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से वह प्रयागराज से मनकापुर को जाने वाली सरयू एक्सप्रेस में सवार हो गए। बताया जाता है कि बोगी खाली थी। इसमें पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी बीच ट्रेन अयोध्या को पार करते हुए कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन के आउटर पर पहुंची। इसी बीच पति ने धक्का देकर पत्नी को नीचे गिरा दिया। रात एक बजे से सुबह साढ़े पांच बजे तक महिला ट्रैक के किनारे ही पड़ी रही। सुबह मेट महेश कुमार पेट्रोलिंग करने निकले तभी उन्हें महिला दिखाई दी।

पड़ोस गांव के बृजेश कुमार के साथ पहुंचकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। महिला से जानकारी की तो उसने बताया कि उसके पति ने ही उसे मारपीट कर ट्रेन से धकेल दिया है। इसके बाद महिला को सीएचसी ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उसे सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सरयूघाट चौकी प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि महिला को उसके पति ने ही ट्रेन से धक्का दिया है। महिला के भाई को जानकारी दी गई है। वह लुधियाना से आ रहा है। जीआरपी मनकापुर के प्रभारी शिवकुमार ने जानकारी होने से अनभिज्ञता जाहिर की है। एसओ नवाबगंज संतोष कुमार सिंह का कहना है कि डायल 112 महिला को लेकर आई थी। जिला अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। स्वजन के आने के बाद स्थिति साफ होगी।

'