Today Breaking News

मुंबई से जौनपुर आई पुलिस टीम ने दुष्‍कर्म के दो आरोपितों को किया गिरफ्तार

गाजीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. महाराष्‍ट्र के ठाणे के पुलिस थाने में दर्ज दुष्‍कर्म के मामले में महाराष्‍ट्र पुलिस ने रविवार को आधी रात में कार्रवाई करते हुए मुंबई में दुष्‍कर्म के दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार दोनों पर ही दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं मुकमदा दर्ज होने के बाद मोबाइल फोन का स्विच आफ करने के बाद दोनों ही वहां से फरार होकर अपने गृह जनपद उत्‍तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आ गए थे। इस बाबत वहां की पुलिस ने जौनपुर की पुलिस से संपर्क साधने के बाद कार्रवाई की है।

मुंबई से आई महाराष्‍ट्र की पुलिस टीम ने रविवार आधी रात जौनपुर कोतवाली पुलिस की मदद से सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित दो आरोपितों को उनके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। इस बाबत आवश्यक लिखापढ़ी के बाद महाराष्‍ट्र की पुलिस टीम ट्रांजिट रिमांड पर दोनों को साथ लेकर सोमवार को मुंबई रवाना हो गई। 

कोतवाली क्षेत्र के मुजार गांव के इरफान के विरुद्ध महाराष्ट्र के ठाणे पुलिस स्टेशन में एक युवती की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसकी भनक लगते ही वह मोबाइल फोन का स्विच आफ कर वहां से फरार हो गया था। इसी तरह सरावां निवासी नीलेश मिश्र के विरुद्ध ठाणे पुलिस स्टेशन में एक महिला ने शादी का झांसा देकर एक साल तक यौन शोषण करने का मुकदमा दर्ज कराया था। नीलेश भी वहां से भागकर घर चला आया था। नाेटिस जारी होने पर भी न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ।

इस बाबत न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया तो थाणे की पुलिस ने सक्रियता दिखाई। रविवार की रात मुंबई पुलिस टीम जौनपुर कोतवाली पहुंची। संयुक्त रूप से दोनों गांवों में आरोपितों के घर दबिश देकर उनको घर से धर दबोचा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवनीश राय ने गिरफ्तारी की पुष्टि की। कहा कि दुराचार के दोनों आरोपितों को न्यायालय में जरूरी लिखापढ़ी के बाद मुंबई से आई पुलिस टीम साथ लेकर चली गई।

'