Today Breaking News

काशी में होलिकादहन कर लौट रहे शरारती तत्वों ने मंदिर में की तोड़फोड़, मुकुट और दानपात्र उठा ले गए

गाजीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी के मिर्जामुराद इलाके लालपुर गांव में गुरुवार की देर रात होलिकादहन से लौट रहे शरारती तत्वों ने मंदिर में स्थापित नंदी की मूर्ति तोड़ने के साथ ही चांदी का मुकुट व दानपात्र उठा ले गए। घटना से ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सूचना मिलते ही शुक्रवार की सुबह सेवापुरी विधायक नीलरतन सिंह पटेल 'नीलू' मौके पर पहुंचे। थाना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी। घटना के बाबत आठ नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल कर रही हैं।

मिर्जामुराद थानांतर्गत लालपुर गांव में पिचमार्ग के किनारे प्राचीन तालाब के पास भगवान शिव व हनुमान का मंदिर है। दिनेश सिंह व पंकज सिंह मंदिर की देखरेख करते हैं। मंदिर से कुछ दूरी पर होलिका स्थापित की गई थी।होलिकादहन कर लौट रहे यादव बस्ती के करीब दो दर्जन शरारती तत्व मंदिर परिसर में घुस संगमरमर की बनी नंदी की मूर्ति तोड़ने के साथ गमला पटक टाइल्स तोड़ दिए। हनुमान की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट व दानपात्र भी उठा ले गए। मंदिर में सोए दिव्यांग दिनेश सिंह ने विरोध जताया तो शरारती तत्व उलझ पड़े।दिनेश द्वारा सूचना देने पर पंकज मौके पर पहुंच पुलिस को सूचना दी।

तहरीर पर आठ नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया

एसओ एसबी सिंह रात में ही मौके पर पहुंचे। मंदिर में तोड़फोड़ की खबर लगते ही सुबह भारी भीड़ जुट गई। थाना व मंदिर पर पहुंचे भाजपा विधायक नीलरतन पटेल ने कहा कि होली के पर्व पर माहौल खराब करने हेतु यह किया गया हैं। कानून का राज हैं, दोषियों को बख्शा नही जाएगा। रंग के पर्व में भंग पड़ने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हैं। दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं। एसओ एसबी सिंह ने बताया कि दिनेश की तहरीर पर आठ नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया हैं। साथ ही घटना क जांच हो रही है।

 
 '